पांढुर्ना में महिला के साथ दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग, लुटेरों का पीछा कर रहा आरक्षक बुरी तरह हुआ घायल

3/5/2024 7:28:42 PM

पांढुर्ना (पंकज मदान): पांढुर्ना में दिनदहाड़े महिला के साथ लूट की वारदात सामने आई है। घटना में आरक्षक बुरी तरह घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को पांढुर्ना के पारडी मार्ग पर मोपेड से जा रही महिला के गले से सोने की चेन खींचकर बाइक सवार भाग निकला। महिला के शोर मचाने पर मौके पर अफरा तफरी मच गई। घटना देख वहां से गुजर रहे सभी लोग सकते में आ गए। कुछ दूरी से गुजर रहे आरक्षक पुष्पेंद्र सिंह, अशोक हरसुले ने तत्काल बाइक सावर युवकों का पीछा किया।

मगर पुलिस आरक्षक की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसमें आरक्षक पुष्पेंद्र सिंह को गंभीर चोट आई जिसे पांढुर्ना सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी राजेश कुमार त्रिपाठी,एएसपी नीरज सोनी, एसडीओपी राकेश पंड्रो, थाना प्रभारी अजय मरकाम सिविल अस्पताल पहुंचे और आरक्षक का हाल जाना और पुलिस कर्मी की बहादुरी की प्रशंसा की।

वही सभी अधिकारियों ने घटना स्थल का जायजा लिया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने और जांच शुरु करने के आदेश दिए। इस तरह की घटना पहले भी पांढुर्ना में हो चुकी है मगर आज तक कोई भी अपराधी पुलिस के हाथ नहीं लगा है, पुलिस द्वारा सरगर्मी से आरोपी तलाश जारी है।

meena

This news is Content Writer meena