EVM को हैक करने का कर रहा था दावा, कांग्रेस प्रत्याशी ने पहुंचाया जेल

12/5/2018 7:04:37 PM

भिंड: ईवीएम से छेड़छाड़ की हर रोज नई खबरें सामने आ रही हैं। जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी रमेश दुबे की मदद से पड़ाव पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। जो ईवीएम को हैक कर चुनाव परिणाम बदलवाने का दावा कर रहा था।



बता दें कि, अभय जोशी उर्फ नीरज सिंह राठौर ने दुबे को फोन कर झांसा दिया था कि वह ईवीएम हैक करने में उस्ताद है। वह चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकता है। वहीं उसने यह काम करने के लिए ढाई लाख रुपए की मांग भी रखी। उसने बिना किसी का नाम लिए यह भी बताया कि दिल्ली में उसे बुलाया गया है। जब दुबे ने ईवीएम हैक करने का तरीका पूछा तो उसने कहा कि उसके पास निर्वाचन आयोग का सर्टिफिकेट है और वह स्ट्रांग रुम में कभी भी आ जा सकता है । लेकिन दुबे को पता था कि स्ट्रांग रूम में किसी के भी आने जाने का सवाल ही पैदा नहीं होता। इसलिए उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस के आला अधिकारी को दी। वह कांग्रेस प्रत्याशी रमेश दुबे से फोन पर बात करने के दौरान अपने नाम पते बार-बार बदल रहा था। जिससे उनका शक और गहरा हुआ। किसी तरह दुबे ने उसे ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बुलाया और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी।



उसे पडाव थाने ले जाया गया और पूछ पड़ताल के बाद पता चला कि अभय जोशी ने सिर्फ दसवीं की पढ़ाई की है। उसे इंजीनियरिंग ईवीएम के बारे में पर्याप्त जानकारी भी नहीं है। कयास लगाए जा रहे हैं कि ईवीएम की गड़बड़ी को लेकर जो माहौल बना है उसका फायदा उठाते हुए पैसे हड़पने के लिए यह जुगाड़ लगाया था।
 

ASHISH KUMAR

This news is ASHISH KUMAR