20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया बाबू, लोकायुक्त की कार्रवाई से हड़कंप
Friday, Oct 23, 2026-06:41 PM (IST)
कटनी (संजीव वर्मा) : लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शुक्रवार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए नगर के बाबू को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी बाबू आलोक गर्ग पर ट्रांसपोर्ट नगर में निर्माण कार्य के लिए एनओसी देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, ट्रांसपोर्टर अशोक कनकने को ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी में प्लॉट नंबर 137 आवंटित है। प्लॉट पर निर्माण कार्य कराने के लिए उन्होंने बैंक से लोन लेने के लिए आवेदन किया था। बैंक प्रबंधन ने लोन स्वीकृत करने की प्रक्रिया में नगर निगम की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगी थी। एनओसी प्राप्त करने के लिए अशोक कनकने नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग के पास पहुंचे।
आरोप है कि एनओसी जारी करने के एवज में लिपिक ने उनसे 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर ट्रांसपोर्टर ने लोकायुक्त जबलपुर में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले का सत्यापन कराया गया और इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।
शुक्रवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त की टीम मौके पर पहुंची। जैसे ही शिकायतकर्ता अशोक कनकने ने आरोपी लिपिक को 20 हजार रुपये की राशि दी, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को सिविल लाइन स्थित रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बाद नगर निगम में रिश्वतखोरी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोकायुक्त टीम मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

