CM बघेल ने नगरीय प्रशासन कार्यक्रम में की बड़ी घोषणाएं, रायपुर, बिलासपुर समेत इन जिलों को दी करोड़ो की सौगात
Wednesday, Feb 15, 2023-05:03 PM (IST)

रायपुर (सत्येंद्र शर्मा) : सीएम भूपेश बघेल नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के गौरव समागम-2023 में शामिल हुए। इस समागम में प्रदेशभर के नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। सीएम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले निकायों को पुरस्कृत किया। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि नगरीय निकाय नागरिकों को बहुत अच्छी सुविधाएं दी रहे हैं। हमारी सरकार ने राशनकार्ड बनाने में सुधार किया। आज सभी का राशनकार्ड आसानी से बन जाता है। पेयजल व्यवस्था में सुधार हुआ है। भवन अनुज्ञा लेने में बहुत मुश्किल होती थी। भवन अनुज्ञा का सरलीकरण किया गया है। घर पर ही 15 प्रकार की सेवाएं पहुंच रही हैं।
इस दौरान सीएम बघेल ने बड़ी घोषणाएं की। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के गौरव समागम 2023 में मुख्यमंत्री उन्होंने बड़ी सौगात दी। राज्य के सभी नगरीय निकायों को विकास के लिए लगभग 1 हजार करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही नगर निगम रायपुर को 100 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बिलासपुर नगर निगम को 50 करोड़, दुर्ग नगर निगम को 25 करोड़, भिलाई चरौदा, अंबिकापुर, जगदलपुर को 20-20 करोड़, रिसाली, राजनादगांव, रायगढ़ एवं कोरबा को 15-15 करोड़, बिरगांव, धमतरी एवं चिरमिरी को 10-10 करोड़ की राशि देने की घोषणा की। सभी नगर पालिकाओं को 5-5 करोड़ और सभी नगर पंचायतों को 3-3 करोड़ देने की घोषणा की। वहीं चुंगी कर को 26 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये करने की घोषणा भी की।