CM यादव ने शिवपुरी नाव हादसे में 7 लोगों की मौत पर जताया शोक, आर्थिक मदद का किया ऐलान
Wednesday, Mar 19, 2025-04:41 PM (IST)

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवपुरी जिले के खनियाधाना क्षेत्र में माताटीला बांध में बने टापू पर जा रहे 15 श्रद्धालुओं की नाव पलटने से हुई दुर्घटना में 7 भाई-बहनों की डूबने से मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि घटना हृदय विदारक है।
डॉ. यादव ने मीडिया को जारी संदेश में यह जानकारी दी। उन्होंने दु:ख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों के निकटतम परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दुर्घटना की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
शिवपुरी जिले में नाव पलटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में सात भाई-बहनों के असमय निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है।
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) March 19, 2025
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति दे। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है : CM@DrMohanYadav51… pic.twitter.com/RfP8AWtzIc
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन, स्थानीय नागरिकों और एनडीईआरएफ के जवानों की मदद से 8 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। डॉ. यादव ने दुर्घटना में सुरक्षित बचे लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने परमपिता परमेश्वर से दिवगंत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जनसामान्य से नदी तथा जल स्रोतों में आवागमन व अन्य उपयोग के समय आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।