सागर में संत रविदास जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए CM कमलनाथ, दिया अरबों का तोहफा

2/9/2020 3:04:40 PM

सागर (देवेन्द्र कश्यप): मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सागर को अरबों रुपये का तोहफा दिया है। उन्होंने जिले में तीन हजार करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। सीएम सागर में संत रविदास जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र की सरकार पर भी जमकर हमला किया है। सीएम ने बीजेपी से यह भी पूछा है कि सीएए लाने की क्या जरूरत थी।

कमलनाथ ने संत रविदास जयंती को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व में भारत जैसा कोई देश नहीं है। विश्व को यह भाईचारे का संदेश देता है। भारत के महान व्यक्तियों की संदेश की वजह से भारत की पहचान और इसकी महानता है। आज के दिन वह संदेश भाईचारे को बरकरार रखने के लिए बहुत जरूरी है। कमलनाथ ने कहा कि संत रविदास समाज सुधारक थे और उन्होंने सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया है।

सीएम कमलनाथ ने सागर दौरे के दौरान नए कलेक्ट्रेट भवन का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि कई योजनाएं यहां चल रही हैं जिन्हें जल्दी पूरा करना है। साथ ही अधिकारियों को स्टीमेट बनाने का काम दे दिया है, जल्द ही ये योजनाएं धरातल पर आ रही हैं। जब तक कृषि के क्षेत्र में क्रांति नहीं आएगी, तब तक किसानों का भला नहीं हो सकता। कर्ज में जन्म होता है मृत्यु कर्ज में होती है।

मध्यप्रदेश के सीएम ने यह भी कहा कि जनता को हर साल का हिसाब देंगे। मैं जनता को कभी निराश नहीं होने दूंगा। मैं घोषणा नहीं करता हूं लेकिन सागर को कभी निराश नहीं होने दूंगा। वहीं, इस मौके पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और हर्ष यादव ने भी शहर को लेकर कई मांगे रखीं। जिन पर मुख्यमंत्री ने उन्हें निराश नहीं होने देंगे का आश्वासन दिया है।

कमलनाथ ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि कलाकारी नहीं चलेगी। मोदी पाकिस्तान की बात करते हैं लेकिन बेरोजगार युवाओं की नहीं। वे किसानों की बात नहीं करते। मुंह चलाने और देश चलाने में बहुत अंतर है। बीजेपी ने मध्यप्रदेश में खाली खजाना दिया था। लेकिन प्रदेश का निर्माण यहां के नौजवान करेंगे। निवेश आएगा तो प्रदेश में आर्थिक गतिविधि बढ़ेगी।

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh