CM मोहन ने 1.33 लाख किसानों को दी बड़ी सौगात, खातों में ट्रांसफर किए भावांतर के 233 करोड़ रुपए

Thursday, Nov 13, 2025-04:19 PM (IST)

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 1.33 लाख किसानों को 233 करोड़ की भावांतर राशि का अंतरण एंव 183.25 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने कार्यक्रम में प्रदर्शित की गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने अन्नदाता पर पुष्पवर्षा भी की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम से हुई। 

PunjabKesari

कांग्रेसियों को अक्ल दे भगवान

सीएम डॉ. मोहन ने कहा कि जब हम भावांतर योजना लाए तो कांग्रेसी कहने लगे कि इस योजना को क्यों ला रहे हैं, पैसे कहां हैं, इस योजना की कोई जरूरत नहीं है, झूठ बोल रहे हो। मैं उनको कहता हूं कि तुम्हारे मुंह से जब भी निकलता है, गलत ही निकलता है। कांग्रेस ने कभी भी किसानों का भला नहीं किया। कांग्रेसी हवा में रहते हैं, मैदान में नहीं आते। अपनी ही दुनिया में रहते हैं। कांग्रेसी सोशल मीडिया चलाकर खुश हो जाते हैं। अपने इन्हीं कर्मों की वजह से वो 20 साल से सरकार से बाहर हैं। और, अगर उनके यही हाल रहे तो वो और 50 साल सत्ता से बाहर रहेंगे। उन्हें कोई नहीं पूछेगा। जब भी हम जनहित की बात करते हैं, तो पता नहीं क्यों इनके पेट में मरोड़ें आने लगती हैं। इनकी छाती पर सांप लौटने लगता है। इनकी जनता से क्या दुश्मनी है, पता नहीं। उन्होंने कहा कि भगवान इनको अक्ल दे। ये और इनके नेता एक जैसे ही हैं। चुनाव बिहार में था और इनके नेता पचमढ़ी में छुट्टी मना रहे थे। ये पचमढ़ी में मध्यप्रदेश का चुनाव जीतेंगे। मध्यप्रदेश में तो चुनाव में देर है। उससे पहले देश के 14 राज्यों में चुनाव है। ये आलू से सोना बनाते हैं, इसलिए ये कुछ भी कर सकते हैं। कांग्रेसी जो करे वो कम है।

PunjabKesari

किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध सरकार

मध्यप्रदेश के मुखिया डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार ने भावांतर योजना में 9 लाख किसानों का पंजीयन कराया और आज 1 लाख 33 हजार से ज्यादा किसानों के खातों में 233 करोड़ रुपये डाले जा रहे हैं। आपकी मेहनत का पैसा, आपके खातों में। न आपको ट्रैक्टर लाइन में लगाकर एमएसपी के लिए चक्कर लगाने की जरूरत, न कोई और परेशानी। सारी झंझट खत्म। आपने माल तुलवाया और आपका पैसा खाते में आया। हमने कहा था कि 15 दिन के अंदर आपके खाते में रुपये आएंगे और 13 तारीख को आपके खाते में रुपये आ गए। हर सात दिन बाद लगातार मॉडल रेट निर्धारित होगा और रुपये आपके पास आते रहेंगे। भावांतर योजना के अंतर्गत 15 जनवरी तक सबकी फसल खरीदते हुए किसानों को पैसा देते जाएंगे। किसानों की नरवाई जलाने की समस्या को खत्म करने के लिए हमने सीएनजी प्लांट की योजना बनाई है। हम चाहते हैं कि किसानों के खातों में कचरे के भी पैसे आने चाहिए। राज्य सरकार ने मोटा अनाज खरीदने के लिए मंडला, बालाघाट, जबलपुर जैसे प्रदेश के 11 जिलों के किसानों को कोदो-कुटकी पर 1000 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया है। धान और गेहूं उत्पादक किसानों को भी बोनस का लाभ मिला है। चरणबद्ध रूप से गेहूं क कीमतें बढ़ाई जा रही है। किसानों को सोलर पंप लगाने के लिए अनुदान का लाभ दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में एक दिसंबर को गीता जयंती भी पूर्ण गौरव के साथ मनाई जाएगी। प्रदेश के नगर-नगर में गीता भवन बनाए जा रहे हैं। प्रदेश में औद्योगीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार को पिछले दिनों भारत सरकार की ओर से 4 पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena