CM मोहन ने संत दादाजी धूनीवाले के मंदिर निर्माण का किया भूमिपूजन, जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन पर दी कई सौगातें

Monday, Jun 30, 2025-06:24 PM (IST)

खंडवा (मुश्ताक मंसूरी) : मुख्यमंत्री डॉ, मोहन यादव ने आज खंडवा को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 1518 करोड़ रुपये से अधिक के जल संरक्षण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पानी बचाने के लिए अच्छा काम करने वाले नगर निगम, नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायत के महापौर, कमिश्नर और सरपंचों का सम्मान किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने अवधूत संत दादाजी धूनी वाले के भव्य मंदिर निर्माण का भूमि पूजन भी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने केन- बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के संदर्भ में बुंदेलखंड के पिछड़ने का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र की पीढ़ियों को खराब करने के पीछे कांग्रेस का हाथ है।

PunjabKesari

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2030 तक पूरे देश को पानी की समस्या से मुक्त करने का संकल्प लिया है। इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने नागरिकों के सहयोग से जल शक्ति मिशन प्रारंभ किया था। इसी के समानांतर 30 मार्च 2025 को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने पानी बचाने के लिए जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत की थी। 90 दिन तक चले इस अभियान में प्रदेश के सभी जिलों में पुराने कुएं, बावड़ी, तालाबों का न केवल जीर्णोद्धार हुआ बल्कि उन्हें जल संरक्षण के उपयुक्त बनाया। इस अभियान के तहत सूखे पड़े हुए कुएं, बावड़ियों और हैंडपंपों के आसपास अतिक्रमण भी हटाया गया और उन्हें पानी संरक्षण करने योग्य बनाया। इस अभियान के तहत प्रदेश में लगभग ढाई लाख जल दूत बनाए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में खाली पड़ी हुई जमीनों पर छोटे छोटे तालाब और जल संरचनाएं बनाई गई। पूरे मध्य प्रदेश में खंडवा जिले ने पानी बचाने की दिशा में अभूतपूर्व काम किया और न केवल प्रदेश में बल्कि देश में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रदेश में छोटे बड़े जिलों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायत में अच्छा काम करने वाले अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया।

PunjabKesari

इस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने खंडवा जिले को करोड़ों रुपए के विकास कार्य की सौगात दी। खंडवा में बाईपास निकालने के लिए दो रोड की स्वीकृति देते हुए लगभग सवा सौ करोड़ रुपये मंजूर किए। खंडवा शहर से कोई बाईपास नहीं होने की वजह से लंबे समय से यह मांग चली आ रही थी। खंडवा मुंदी रोड के लिए भी लगभग 200 करोड़ रुपए मंजूर किए। लंबे समय से आपसी विवाद में चल रहे खंडवा के दादाजी धूनी वाले का भव्य मंदिर निर्माण का भूमि पूजन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर निर्माण से खंडवा जिले का आध्यात्मिक विकास होगा और पूरे देश में सांस्कृतिक पर्यटन का केंद्र बनेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री विजय शाह, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, तुलसी सिलावट, धर्मेंद्र लोधी सहित क्षेत्रीय सांसद, विधायक भी मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News