CM मोहन ने किया माधव टाइगर रिजर्व का शुभारंभ, बाघिन को छोड़ा, बोले- टूरिज्म सेक्टर में नई कहानी लिखेगा चंबल

Monday, Mar 10, 2025-06:59 PM (IST)

शिवपुरी : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज यहां माधव टाइगर रिजर्व में एक बाघिन को छोड़ा। इसके साथ ही यहां पर बाघों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। इस अवसर पर डॉ यादव और सिंधिया ने राज्य के नौवें टाइगर रिजर्व (माधव टाइगर रिजर्व) के प्रतीक चिन्ह का अनावरण किया तथा टाइगर रिजर्व के लिए बनाई गई लगभग 13 किलोमीटर लंबी बाउंड्री वॉल का लोकार्पण भी किया। इस मौके पर उन्होंने स्व. माधव राव सिंधिया को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इस टाइगर रिजर्व से चंबल क्षेत्र की पहचान बदल जाएगी। स्व. माधव राव सिंधिया ने वन्य जीवों का संरक्षण किया था। इस माधव टाइगर रिजर्व के रूप में हमें उनसे सौगात मिली है। इस मौके पर मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन हमारे चंबल क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण है। 9वें टाइगर रिजर्व माधव टाइगर रिजर्व को लोकार्पण से प्रदेश के इतिहास में नया अध्याय जुड़ा है। यहां बाघ पुनर्स्थापन का एक बड़ा प्रयोग हुआ है। इस टाइगर रिजर्व की स्थापना भारत सरकार के मापदंडों के आधार पर किया गया है। यह भारत का 58वां टाइगर रिजर्व है। यह टाइगर रिजर्व विकास के पथ पर बढ़ता कदम है। टूरिज्म सेक्टर में चंबल नई कहानी लिखेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीता प्रोजेक्ट चलाकर प्रदेश के विकास के लिए कदम बढ़ाए थे। चीता प्रोजेक्ट देश के ईको-सिस्टम को विकसित करने का संकल्प था। अब उनके दूसरी पीढ़ी के चीतों को छोड़ा जा रहा है।

PunjabKesari

अदभुत है माधव टाइगर रिजर्व

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि घड़ियाल, भालू, तेंदुआ, गिद्ध भेड़िया जैसे जानवरों से चंबल क्षेत्र भरा हुआ है। यह टाइगर रिजर्व अद्भुत है। यहां टाइगर और इंसान के बीच परस्पर मेल दिखाई देगा। इंसान अपना काम करेगा और टाइगर अपनी जीवन शैली जिएगा। मुझे इस बात की खुशी है कि दुनिया में सबसे ज्यादा टाइगर हमारे देश में हैं और, देश में सबसे ज्यादा टाइगर किसी राज्य में हैं तो मध्यप्रदेश में हैं। टाइगर के मामले में चंबल क्षेत्र पिछड़ा हुआ था, लेकिन अब यह नई पहचान बना रहा है। खास बात यह भी है कि आज स्व. माधव राव सिंधिया की 80वीं जन्म जयंती है। विकास के मामले में उनकी अलग ही पहचान रही है। रेल और वन्य जीवों के साथ-साथ उन्होंने कई क्षेत्रों में काम किया।

PunjabKesari

इतना बड़ा है इसका इलाका

माधव टाइगर रिजर्व  का आरक्षित वन क्षेत्र 32429.52 हेक्टेयर, संरक्षित वन क्षेत्र 2422.00 हेक्टेयर और राजस्व क्षेत्र 2671.824 हेक्टेयर है। इस प्रकार कुल क्षेत्र 37523.344 हेक्टेयर यानी 375.233 वर्ग किलोमीटर है।

इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि "टाइगर स्टेट "मध्यप्रदेश" को 9वें टाइगर रिजर्व की सौगात मिली है। अब शिवपुरी में भी बाघों की गर्जना गूंजेगी। बाघों की संख्या बढ़ाने और उनके प्राकृतिक आवास को संरक्षित करने की दिशा में यह टाइगर रिजर्व महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नवीन अवसर भी सृजित होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News