CM मोहन यादव और शंकराचार्य के बीच बंद कमरे में चर्चा, मुलाकात ने बढ़ाई सियासी हलचल!
Thursday, Nov 26, 2026-11:44 AM (IST)
उज्जैन (विशाल सिंह ठाकुर): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार सुबह नवनिर्मित श्री श्रृंगेरी शंकर मठ पहुंचे, जहां उन्होंने शंकराचार्य विधुशेखर भारती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री और शंकराचार्य के बीच बंद कमरे में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। दोनों की इस मुलाकात के बाद राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से मंथन हुआ। माना जा रहा है कि सिंहस्थ के दौरान साधु-संतों, धार्मिक संस्थाओं और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को लेकर भी बातचीत हुई।

मुलाकात के दौरान मठ तक पहुंचने वाले संकरे रास्ते की समस्या का मुद्दा भी उठा। मुख्यमंत्री ने उज्जैन में चारों शंकराचार्यों के मठ स्थापित करने की अपनी मंशा जाहिर की। वहीं, मठ प्रबंधन की मांग पर गौशाला तक पक्की सड़क बनवाने का आश्वासन दिया। इसके लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के चलते मुख्य मार्ग पर ही वाहनों को रोक दिया गया था। इसके कारण मठ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और मेहमानों को करीब 400 मीटर तक पैदल चलना पड़ा।

गौरतलब है कि श्री श्रृंगेरी शंकर मठ में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा और कुंभाभिषेक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के तहत गुरुवार को देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। मुख्यमंत्री की शंकराचार्य से हुई इस मुलाकात को सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और धार्मिक व्यवस्थाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

