CM मोहन ने सीहोर को दी करोड़ों की सौगातें, कहा- मिशन ज्ञान के लिए संकल्पित है सरकार
Saturday, Jun 07, 2025-05:17 PM (IST)

सीहोर/भोपाल : 'चिंतामण गणेश जी यहां हैं तो चिंता किस बात की’ हमारी सरकार की अगर कांग्रेस के शासन से तुलना करके देखें तो मध्यप्रदेश आज विकास की दौड़ में अग्रणीय है। 2014 के पहले का राष्ट्र और 2014 के बाद का हमारा देश और प्रदेश, दोनों का विकास एक जैसा हो रहा है।' यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 7 जून को सीहोर जिले में कही। उन्होंने यहां करोड़ों की लागत के विकासकार्यों का लोकार्पण और भूमिपजन किया। उनके साथ कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर जिले को एक कॉलेज, गीता भवन, नर्मदा जल सहित कई सौगातें दीं। उन्होंने सीहोर नगर पालिका के लिए 50 करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हमने संकल्प लिया है हर खेत को सिंचाई के लिए पानी देंगे। सीहोर को नर्मदा और नदी जोड़ो परियोजना का लाभ मिलेगा। मेट्रोपॉलिटन सिटी बनेगी तो सीहोर का चहुंओर विकास होगा। हम गरीब-युवा-अन्नदाता-नारी शक्ति के कल्याण के लिए संकल्पित है।
हमारी सरकार हर क्षेत्र में विकास कर रही है- सीएम डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 1956 के बाद हमारे प्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे। कांग्रेस के शासनकाल में 55 साल में गेहूं की कीमत केवल 500 रुपये बढ़ी। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि बीजेपी के 20 साल के शासन काल में प्रदेश का विकास हुआ। आज सरकार 2600 रुपये क्विंटल के भाव से गेहूं खरीद रही है। बिजली-पानी-सड़क की व्यवस्था की। कुछ ही वर्षों में प्रदेश में 50 मेडिकल कॉलेज हो जाएंगे। हमारी सरकार हर क्षेत्र में विकास कर रही है।