Punjab Kesari MP ads

मंदाकिनी उफान पर, पुल क्षतिग्रस्त… चित्रकूट पहुंचे CM मोहन यादव, राहत-बचाव की खुद ली जानकारी

Sunday, Aug 30, 2026-11:27 AM (IST)

रीवा/चित्रकूट। मध्यप्रदेश में लगातार बारिश से बिगड़े हालात के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मोर्चा संभाल लिया है। दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे मुख्यमंत्री ने देर रात अधिकारियों के साथ बैठक कर रीवा और सतना जिले में बारिश, बाढ़ और जलभराव की स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद रविवार सुबह वे चित्रकूट पहुंचे और बाढ़ प्रभावित इलाकों का मौके पर जायजा लिया।चित्रकूट में लगातार हुई बारिश के चलते मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। रामघाट से हनुमान धारा की ओर जाने वाला पुराना पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन के साथ SDRF की टीमें राहत और बचाव अभियान में लगी हुई हैं। जरूरत पड़ने पर सेना के हेलीकॉप्टरों की मदद भी ली जा रही है।

छह गांवों में चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सतना जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री को बताया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए छह गांवों में रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसमें सात लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रभावित लोगों के लिए छह राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां भोजन और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रशासन के मुताबिक फिलहाल सबसे बड़ी राहत यह है कि मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से कम हो रहा है। अधिकारियों का अनुमान है कि यदि रात में दोबारा तेज बारिश नहीं हुई तो हालात जल्द सामान्य हो सकते हैं।

PunjabKesariश्रद्धालुओं की सुरक्षा पर CM की खास नजर

चित्रकूट में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति को असुरक्षित स्थिति में न रहने दिया जाए। राहत शिविरों में भोजन, कपड़े, पीने का साफ पानी और मेडिकल सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने सद्गुरु आश्रम में ठहरे श्रद्धालुओं के मोबाइल नंबर लेकर उनके परिवार वालों से संपर्क कराने के भी निर्देश दिए, ताकि बाढ़ की स्थिति के बीच परिजन अपने लोगों की कुशलता जान सकें।

जैतवारा में भी राहत व्यवस्था तेज

अधिकारियों ने बताया कि जैतवारा गांव में बड़ी संख्या में लोग रुके हुए हैं। यहां प्रशासन की ओर से भोजन, पानी और कपड़ों की व्यवस्था की गई है। राहत टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

डैम क्षतिग्रस्त होने से नुकसान का आकलन

नया गांव डैम को नुकसान पहुंचने के बाद प्रशासन ने इससे हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और राहत कार्यों की लगातार रिपोर्ट लेने को कहा।

CM का साफ निर्देश- एक भी जान नहीं जानी चाहिए

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि बाढ़ और बारिश के दौरान जनहानि और पशुहानि को हर हाल में रोकना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कम प्रभावित जिलों से आवश्यक बचाव उपकरण बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भेजने और NDRF की टीमों को पूरी क्षमता के साथ तैनात रखने के निर्देश दिए।

रीवा कलेक्टर ने बताया कि जिले में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। बाढ़ प्रभावित परिवारों के प्रकरण तैयार किए जा चुके हैं और पशुहानि की स्थिति में नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल मंदाकिनी का पानी उतरने से प्रशासन को राहत मिली है, लेकिन अधिकारियों को मौसम पर नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma