उज्जैन में दिवाली जैसा नजारा: CM शिवराज ने महाकाल लोक के दूसरे चरण का किया लोकार्पण, बोले- मेरा संकल्प पूरा हुआ

10/6/2023 2:21:21 PM

उज्जैन(विशाल सिंह): CM शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को उज्जैन में महाकाल लोक के दूसरे चरण का लोकार्पण किया। इसमें हाईटेक अन्न क्षेत्र, धर्मशाला, पार्किंग समेत कई कार्य शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरा संकल्प पूरा हो रहा है। महाकाल लोक के दूसरे चरण की आहूति संपूर्ण हुई। आज चारों ओर उत्सव का माहौल है। महाकाल का उत्सव है और हर्ष है। महाकाल लोक फेज टू के लोकार्पण के मौके पर उज्जैन में दिवाली जैसा माहौल दिखा। जमकर आतिशबाजी की गई।

सीएम शिवराज सिंह चौहान गुरुवार रात 8 बजे के करीब पत्नी साधना सिंह के साथ उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले नीलकंठ क्षेत्र में पथ, द्वार, अवंतिका हाट, प्रसादम शिशु मंदिर मार्ग, भूमिगत पार्किंग व अन्य जगहों का लोकार्पण किया। इसके बाद अन्न क्षेत्र के लोकार्पण के लिए पूजन भी किया।

सीएम ने संबोधन की शुरुआत में महाकाल महाराज की जय जयकार की। उन्होंने कहा कि मैं महाकाल महाराज के चरणों में वंदन करता हूं। महाकाल महालोक के प्रथम चरण के लोकार्पण के बाद मन में ऐसी इच्छा थी कि बाबा महाकाल के दरबार में और भी कुछ होना चाहिए, इसीलिए बाबा महाकाल के आंगन को बढ़ाकर न सिर्फ 47 हेक्टेयर का किया गया। अब यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

सीएम शिवराज ने आगे कहा कि, कुछ लोग सनातन को डेंगू और वायरस बोलते हैं। मैं बता दूं कि कई आये और चले गए लेकिन सनातन है और रहेगा। ऐसे लोगों की मैं निंदा करूंगा। ईश्वर की कृपा से मध्यप्रदेश की धरती पर महाकाल महालोक, अद्वैत लोक, रामराजा लोक, हनुमान लोक और देवी लोक बन रहे हैं।



महाकाल महाराज से एक ही प्रार्थना है कि जब तक सांस रहे, सनातन की सेवा करता रहूं, जनता की सेवा में जुटा रहूं। एक यज्ञ की आहुति आज संपन्न हो रही है। वर्ष 2016 सिंहस्थ के बाद महाकाल महाराज की कृपा से महाकाल महालोक बनाने का संकल्प लिया था। आज मेरा संकल्प पूरा हुआ। आज मन आनंद से भरा हुआ है। महाकाल महाराज के चरणों में प्रणाम करता हूं।

meena

This news is Content Writer meena