CM शिवराज ने किया मां नर्मदा का पूजन अर्चन, अमरकंटक के नीचे नया अमरकंटक बनाने का किया ऐलान
Thursday, Aug 10, 2023-06:10 PM (IST)
अनूपपुर (दुर्गा शुक्ला) : प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सावन के पवित्र महीने में अनूपपुर जिले में अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा नदी के उद्गम स्थल में मा नर्मदा की पूजा अर्चना की। उन्होंने मां नर्मदा के दर्शन के साथ ही मंदिर परिसर में अमरकंठेश्वर शिव का रुद्राभिषेक भी किया। मुख्यमंत्री ने पूजा अर्चना के माध्यम से प्रदेश की उन्नति, समृद्धि तथा प्रदेशवासियों के खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर कोल विकास प्राधिकरण केबिनेट मंत्री दर्जा के अध्यक्ष राम लाल रौतेल, पूर्व विधायक सुदामा सिंह, दिलीप जायसवाल, रामदास पूरी, हीरा सिंह उपस्थित रहे।

पूजा अर्चना के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने स्थानीय मृत्युंजय आश्रम में साधु-संतों तथा स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने अमरकंटक में भव्य मां नर्मदा महालोक बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अमरकंटक भारत के पर्यटन का केंद्र है और जब नर्मदा महालोक बनेगा तो लाखों पर्यटक तथा श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचेंगे। लोक आस्था के साथ ही लोगों के लिए रोजगार तथा स्व रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे।

अमरकंटक में जगह सीमित है तथा यह भी ध्यान में रखना है कि मां नर्मदा की जलधारा कलकल बहती रहे। जिसके लिए यह जरूरी है कि अमरकंटक में ज्यादा निर्माण कार्य न हो नहीं तो धार्मिक संकट पैदा हो जाएगा। जिस पर उन्होंने स्थानीय साधु संतों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि आप सभी के समर्थन से एक नया अमरकंटक शहर अमरकंटक के नीचे स्थित खाली जगह में विकसित किया जाएगा। जहां मां नर्मदा लोक के दर्शन करने के पश्चात लोग नए अमरकंटक के दर्शन कर सकेंगे। इसमें विकसित होटल रेस्टोरेंट तथा लॉज में पर्याप्त संख्या में सुविधाएं विकसित किए जाएंगे। जहां पर्यटक एवं श्रद्धालु आराम से रुक सकेंगे।

