CM शिवराज के गृह जिले में BJP को झटका, यह नेता हुए कांग्रेस में शामिल

10/14/2018 6:33:06 PM

सीहोर: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के गृह जिले में आज भाजपा को झटका लगा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नगरपालिका परिषद आष्टा में वरिष्ठ पार्षद बाबूलाल मालवीय ने रविवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। वार्ड क्रमांक 14 से भाजपा पार्षद बाबूलाल मालवीय ने देवास से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार 15 सालों से है, लेकिन इस सरकार को बनाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं का अपमान हुआ है और मूल भाजपा कार्यकर्ताओं की हमेशा से ही उपेक्षा हुई है, जिससे दुखी व पीड़ित होकर हर वर्ग का ध्यान रखने वाली कांग्रेस पार्टी में, मैं आज सम्मिलित हो रहा हूं।

सदस्यता ग्रहण करते हुए बाबूलाल मालवीय ने कहा कि देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद हमेशा सक्रिय रहने वाले सज्जनसिंह वर्मा एवं नगर के विकास पुरूष कैलाश परमार से मैं प्रभावित होकर आज कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहा हूं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं चुनाव अभियान समिति के मुखिया ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में हम प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे और देश में राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार बनाई जाएगी। 
 

suman

This news is suman