शीत लहर के कारण भोपाल में बदला स्कूलों का टाइम टेबल, सुबह 8.30 से पहले नहीं लगेंगी 8वीं तक की क्लास

12/16/2019 11:46:16 AM

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए बच्चों की सुविधा को देखते हुए स्कूलों का टाइम टेबल बदल दिया गया है। कलेक्टर ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। नए आदेश के मुताबिक अब 8वीं तक के स्कूल सुबह साढ़े 8 बजे से पहले नहीं शुरू होंगे।

राजधानी भोपाल भी अब जबरदस्त शीत लहर की चपेट में है। रविवार को इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। दिन का तापमान 18.8 डिग्री रहा जो रात में लुढ़कर 14.4 डिग्री पर पहुंच गया था। ये सामान्य से 7 डिग्री कम था। 5 साल बाद रविवार 15 दिसंबर का दिन सबसे ज्यादा ठंडा रहा। इस ठिठुरन का असर स्कूलों के टाइम-टेबल पर पड़ा है। छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए स्कूलों के खुलने-बंद होने का समय बदल दिया गया है।

भोपाल के कलेक्टर के आदेश पर जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अब 8वीं तक के स्कूल सुबह साढ़े आठ बजे से पहले नहीं लगेंगे। जिला प्रशासन का ये आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा। आदेश में साफ किया गया है कि कोई भी स्कूल साढ़े आठ से पहले स्कूल संचालित नहीं करेगा।

राजधानी भोपाल सहित प्रदेश का ज्यादातर क्षेत्र शीत लहर की चपेट में है। पारा लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि ये मिजाज अभी इसी तरह रहेगा और आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप बढ़ने के साथ ही घना कोहरा भी छा सकता है। गिरता हुआ तापमान लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। ग्वालियर में कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है। यहां न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री रहा। पूरे इलाके में कोहरे के साथ ठंडी हवाओं का असर है। 15 दिसंबर को प्रदेश के चार बड़े महानगरों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान को देखें।

शहर       अधिकतम तापमान    न्यूनतम तापमान
भोपाल     18.8 डिग्री              14.4 डिग्री
इंदौर       18.0 डिग्री              11.8 डिग्री
जबलपुर     18.4 डिग्री              17.8 डिग्री

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh