प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड, ग्वालियर में 12 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

12/30/2018 11:54:36 AM

भोपाल: उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं से राजधानी भोपाल समेत पूरा प्रदेश ठिठुर गया है। प्रदेश में इस वक्त कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य के कई शहर शीतलहर की चपेट में हैं। 19 से ज्यादा शहरों में रात का तापमान चार डिग्री से नीचे पहुंच गया है। शुक्रवार की तरह शनिवार को भी प्रदेश के बैतूल, पचमढ़ी, अमरकंटक और बांधवगढ़ में रात का तापमान 1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार लगभग दो दिन तक मौसम में कोई भी परिवर्तन नहीं आने वाला है।


 

प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार को रात का तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 5.4 डिग्री कम था। वहीं दिन का तापमान 1.4 डिग्री बढ़कर 22.6 पर पहुंच गया। लेकिन यह भी सामान्य से 2.6 डिग्री कम था। मौसम विभाग की मानें तो एक पश्चिमी विक्षोभ अभी पाकिस्तान के आस-पास बना हुआ है। ऐसी स्थिति में राजधानी भोपाल समेत लगभग पूरे प्रदेश में 31 दिसंबर की रात का तापमान 5 से 6 डिग्री के बीच बना रह सकता है।





इन जिलों में रहा न्यूनतम तापमान
 
प्रदेश की राजधानी भोपाल के अलावा बैतूल, पचमढ़ी, अमरकंटक और बांधवगढ़ में रात का तापमान 1 डिग्री, खजुराहो 1.40, उमरिया 1.70, डिंडोरी 2.00, अनूपपुर 2.00, उज्जैन 2.50, दतिया 2.60, दमोह 3.00, नौगांव 3.10, शाजापुर 3.20, खरगोन 3.50, रीवा 3.50, ग्वालियर 3.60, राजगढ़ 3.60, जबलपुर 3.80, मंडला 4.00 और टीकमगढ़ का तापमान न्यूनतम 4.10 डिग्री दर्ज किया गया। 





इन क्षेत्रों में चल रही है शीतलहरें

राजधानी भोपाल समेत जबलपुर, खजुराहो, इंदौर, सिवनी, सागर, छिंदवाड़ा, मंडला, नरसिंहपुर, गुना, होशंगाबाद, खंडवा, खरगोन, शाजापुर, सतना, सीधी, टीकमगढ़, ग्वालियर, उज्जैन, बैतूल, दतिया, धार,  दमोह और रीवा रीवा में लगातार शीतलहर चल रही है वहीं छतरपुर होशंगाबाद में भी शनिवार को शीतलहर चलने का अनुमान है।





ग्वालियर में टूटा 12 साल का रिकॉर्ड

उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में चल रही बर्फीली हवाओं के कारण ग्वालियर-चम्बल संभाग में सर्दी का असर बढ़ गया है। शुक्रवार रात ग्वालियर का पारा न्यूनतम 3.6 डिग्री पर दर्ज किया गया। ग्वालियर में ऐसी ठंड 12 साल पहले पड़ी थी। ग्वालियर के अलावा आसपास के सभी जिलों में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। दतिया में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जिसके सामान्य से 3 डिग्री कम होने के कारण शहर में ठिठुरन बढ़ गई है।
 

Vikas kumar

This news is Vikas kumar