किसानों के लिए मैदान में उतरे कलेक्टर, गेहूं उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण, खामियों को लकेर जमकर लगाई फटकार
Wednesday, Apr 15, 2026-09:43 PM (IST)
रायसेन(शिवलाल यादव):जिले में गेहूं उपार्जन व्यवस्था को लेकर कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा एक्शन मोड में नजर आए। बुधवार को उन्होंने विभिन्न उपार्जन केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं, वहां जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

कलेक्टर सबसे पहले सौभाग्य वेयरहाउस पहुंचे, जहां उन्होंने उपार्जित किए जा रहे गेहूं की गुणवत्ता जांची और तुलाई प्रक्रिया को बारीकी से देखा। उन्होंने खरीदी केन्द्र प्रभारी से अब तक खरीदी गई उपज की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की उपार्जन नीति के अनुसार ही कार्य किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए छायादार बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों पर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर विश्वकर्मा ने देवनगर क्षेत्र के बिसनखेड़ा स्थित शिव वेयरहाउस, गैरतगंज तहसील के केसली में देव ज्योति वेयरहाउस सहित अन्य केन्द्रों का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर उपार्जन प्रक्रिया, स्लॉट बुकिंग और लगने वाले समय की जानकारी ली। किसानों ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिस पर कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इसके अलावा एक्सप्रेस वेयरहाउस गैरतपुर, पारसनाथ वेयरहाउस जमुनिया, आदर्श वेयरहाउस गैरतगंज, श्री हीरा वेयरहाउस और एचएस वेयरहाउस बाबई सहित कई केन्द्रों पर पहुंचकर कलेक्टर ने व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। उन्होंने तुलाई, गुणवत्ता और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते हुए पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में सभी उपार्जन केन्द्रों पर नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। एसडीएम को भी अपने-अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान सहकारिता, कृषि और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

