हर हाल में हो जनता की समस्या का हल, नवागत कलेक्टर डॉक्टर सौरभ कुमार सुमन ने अधिकारियों को दिए निर्देश

11/10/2022 3:01:02 PM

जबलपुर(विवेक तिवारी): डॉ सौरव कुमार सुमन ने जबलपुर कलेक्टर के रूप में चार्ज लेने के बाद अधिकारियों के साथ पहली बैठक की। इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को अपनी वर्किंग स्टाइल से परिचित कराया। उन्होंने कहा की आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिले में अधोसरंचना विकास के कार्यों और मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी उनकी नजर रहेगी। कलेक्टर गुरुवार को सुबह कलेक्ट्रेट सभाकक्ष के जिला अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में जिला पंचायत की सीईओ डॉ सलोनी सिडाना, नगर निगम आयुक्त आशीष वशिष्ठ, अपर कलेक्टर शेर सिंह मीणा, सुश्री विमलेश सिंह एवं नमः शिवाय अरजरिया, स्मार्ट सिटी की सीईओ निधि सिंह राजपूत एवं सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।

जनता के मुद्दे पर अधिकारी बने संवेदनशील

कलेक्टर ने बैठक में कहा कि अधिकारियों को जनता से जुड़े मुद्दों के प्रति ज्यादा संवेदनशील बनना होगा। उन्हें गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वाह करना होगा। कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी विभागीय लक्ष्यों को समय पर पूरा करना होगा। वे चाहेंगे की जिले में काम का अच्छा वातावरण है वो आगे भी बना रहे। जितने भी अच्छे कार्य चल रहे हैं सब जारी रहें। इसके साथ ही नये-नये आइडिया और नवाचारों को भी अपनाया जाये। उन्होंने सभी विभागों के मैदानी अधिकारियों को बिना अनुमति के हेडक्वार्टर न छोड़ने के निर्देश दिये।

हर टास्क की करूंगा प्रतिदिन समीक्षा

कलेक्टर ने बैठक में साफ किया कि वे शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की नियमित तौर पर मॉनिटरिंग करेंगे। सुबह अधिकारियों को जो टास्क दिया जायेगा शाम को डेटा के आधार पर उसका रिव्यू भी करेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को भी विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की माइक्रो लेवल पर मॉनिटरिंग करनी होगी। अधिकारियों को भी ध्यान रखना होगा कि योजनाओं के लक्ष्य समय पर पूरे हों। कलेक्टर सुमन ने कहा कि अनुशासन पर उनका ज्यादा जोर रहेगा। वे चाहेंगे कि अधिकारी-कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचे। लोगों के काम रूटीन में हो, इनके लिये किसी तरह के कैंपेन चलाने की जरूरत न पड़े। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी अच्छा कार्य करेंगे उनकी प्रशंसा होगी, वहीं ढिलाई बरतने वालों को दंड भी भुगतना होगा। कलेक्टर सुमन ने बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को एक टीम के रूप में कार्य करने का आग्रह भी किया। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों का निराकरण आवेदक की संतुष्टि से किया जाये। उन्होंने कहा कि बिना उनकी अनुमति के सीएम हेल्पलाइन की किसी भी शिकायत को फोर्स क्लोज न किया जाए।

meena

This news is Content Writer meena