राज्यसभा सीट पर मचा घमासान: कांग्रेस में टिकट की जबरदस्त खींचतान, इस दिग्गज नेता ने ठोकी दावेदारी
Saturday, Apr 11, 2026-06:36 PM (IST)
इंदौर। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। 19 जून को राज्यसभा की तीन सीटों का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है, जिन पर जून में चुनाव होना तय है। मौजूदा राजनीतिक समीकरणों के अनुसार दो सीटें बीजेपी और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाती नजर आ रही है, लेकिन असली मुकाबला अब पार्टियों के अंदर शुरू हो गया है।
कांग्रेस की एक सीट पर कई दावेदार सक्रिय हो गए हैं। अंदरखाने लॉबिंग का दौर तेज है और नेता अपने-अपने स्तर पर पार्टी नेतृत्व को साधने में जुटे हैं। इसी बीच इंदौर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने खुलकर अपनी दावेदारी पेश कर दी है।
सज्जन वर्मा ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि वे पार्षद, विधायक, मंत्री और लोकसभा सदस्य रह चुके हैं, ऐसे में उन्हें संसदीय कार्यप्रणाली की अच्छी समझ है। उन्होंने इशारों-इशारों में पार्टी नेतृत्व को संदेश देते हुए कहा कि संसद में ऐसे अनुभवी व्यक्ति को भेजा जाना चाहिए, जो बीजेपी को प्रभावी जवाब दे सके।
वर्मा के इस बयान के बाद कांग्रेस के भीतर सियासी सरगर्मी और बढ़ गई है। अब देखना यह होगा कि पार्टी नेतृत्व अनुभव को तरजीह देता है या फिर किसी नए चेहरे के साथ चौंकाने वाला फैसला करता है। फिलहाल राज्यसभा की एक सीट को लेकर कांग्रेस में अंदरूनी राजनीति तेज हो चुकी है।

