शिवराज सिंह के साले को कांग्रेस ने बनाया उपाध्यक्ष, उपचुनाव में संभालेंगे अहम जिम्मेदारी

7/15/2020 2:40:01 PM

भोपाल(इजहार हसन खान): मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस के नेता औऱ शिवराज सिंह के साले संजय सिंह मसानी को प्रदेश कांग्रेस का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें उपचुनाव में प्रचार प्रसार हेतु प्रादेशिक समन्वयक/ प्रभारी भी नियुक्त किया है।

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साले संजय सिंह ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा था। कांग्रेस में शामिल होने के दौरान संजय सिंह ने कहा था कि मध्य प्रदेश में शिवराज का राज बहुत हो गया है. उन्होंने 13 सालों तक सत्ता संभाली है और अब कमलनाथ को वक्त मिलना चाहिए। विधानसभा चुनावों से पहले संजय सिंह का कांग्रेस में जाना बीजेपी के लिए बड़ा झटका था।

हालांकि उसके बाद प्रदेश की राजनीति में काफी उथल-पुथल हुआ। अब सिंधिया के बीजेपी में आने के बाद कांग्रेस ने संजय सिंह को प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष पद से नवाजा है। साथ ही उपचुनाव में प्रभारी की जिम्मेदारी भी संजय सिंह को दी है। अब देखना होगा कि संजय सिंह को प्रदेश कांग्रेस में महत्वपूर्ण दायित्व मिलने के बाद उपचुनाव पर इसका क्या असर होगा और साथ ही राजनीति के हिसाब से इसके क्या कुछ मायने निकाले जाएंगे।

Vikas kumar

This news is Vikas kumar