कांग्रेस ने कहा- ये तो ट्रेलर था, पिक्चर अभी बाकी है, दल-बदलुओं पर है पैनी नज़र

7/25/2019 2:57:42 PM

भोपाल: मध्य प्रदेश में बुधवार को विधानसभा में घटित राजनीतिक घटना क्रम के बाद आज भी सियासी गहमागहमी है। दंड विधि संशोधन विधेयक पर बीजेपी के दो विधायकों को तोड़ने के बाद कांग्रेस ने फिर कहा कि अभी और भी कई विधायक हमारे संपर्क में हैं। कांग्रेस की नजर बीजेपी में गए संजय पाठक, दिनेश राय मुनमुन समेत कई नेताओं पर है। कांग्रेस ने विधेयक पर साथ देने वाले बीजेपी विधायकों के लिए कहा हमें उन पर पूरा भरोसा है।



इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं के अलग-अलग बयान भी सामने आए हैं।


 

बीजेपी में हैं रणछोड़ दास- पीसीशर्मा
कांग्रेस नेता और कमलनाथ सरकार में विधि मंत्री पी सी शर्मा ने कहा बीजेपी का खेल ख़त्म हो चुका है। उसके कई विधायक अब भी हमारे संपर्क में हैं। शर्मा ने स्पष्ट किया कि जो नेता पहले कांग्रेस में रह चुके हैं वो लगातार हमसे संपर्क बनाए हुए हैं। पी सी शर्मा ने कहा- नारायण त्रिपाठी, शरद कोल अब कांग्रेस के समर्थक बन गए हैं। कांग्रेसी सब पार्टी के साथ हैं। रणछोड़ बनकर सदन छोड़ने वाले बीजेपी के लोग हैं।



लोकतंत्र के हत्यारों के मुंह पर तमाचा
कमलनाथ सरकार में मंत्री जीतू पटवारी ने कहा ये उन लोगों के मुुंह पर तमाचा है जो लोकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं। उन्होने कांग्रेस का साथ देने के कारण बीजेपी के दोनों विधायकों को धन्यवाद दिया। पटवारी ने कहा जितना भरोसा कमलनाथ जी को मुझ पर है उतना हमें दोनो विधायकों पर है।

सिलावट ने कहा-स्वागत है
इस बीच मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा जो नेता कांग्रेस छोड़ कर चले गए थे, उनका घर वापसी के लिए स्वागत है। कांग्रेस राष्ट्रीय विचारधारा की पार्टी है। हमारे परिवार में जो भी आता है उसका हम स्वागत करते हैं। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की जड़ें बेहद मज़बूत हैं। जो शाखाएं अभी उभरी हैं उनका भी संबंध कांग्रेस से ही है।
 

meena

This news is Edited By meena