कलेक्टर का बड़ा एक्शन! धीमे काम पर ठेकेदारों को नोटिस, 15 दिन का अल्टीमेटम
Friday, Feb 20, 2026-04:05 PM (IST)
नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई समीक्षा बैठक में कलेक्टर रजनी सिंह ने सीएमओ और विभिन्न नगरीय निकायों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में अमृत 2.0, कायाकल्प अभियान और मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत चल रहे प्रोजेक्ट्स की स्थिति पर चर्चा हुई। जिन ठेकेदारों के काम में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई, उन्हें तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने दो टूक कहा कि 15 दिन के भीतर संतोषजनक सुधार नहीं हुआ तो जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्य तय गुणवत्ता मानकों और समय-सीमा में पूरे हों। नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता है और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और हर प्रोजेक्ट की प्रगति पर सख्त नजर रखें। बैठक में नरसिंहपुर की सीएमओ नीलम चौहान सहित अन्य नगरीय निकायों के अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।

