Punjab Kesari MP ads

साइबर फ्रॉड पर बनी फिल्म ‘ख़ौफ़ - द डिजिटल वॉर’ का जशपुर में भव्य शुभारंभ

Sunday, Apr 05, 2026-01:22 PM (IST)

रायगढ़/जशपुर। जशपुर के विशिष्ट कम्युनिटी हॉल सभागार में साइबर फ्रॉड पर आधारित शॉर्ट फिल्म "ख़ौफ़ - द डिजिटल वॉर" का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि कौशल्या देवी साय जी (धर्मपत्नी माननीय मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय) एवं प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम जी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर जशपुर के विशिष्ट प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिकों, फिल्म ख़ौफ़ की टीम उपस्थित रही।

विदित हो कि एसएसपी शशि मोहन सिंह समाज के ज्वलंत मुद्दों पर लगातार शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने जशपुर में रहते हुए "कजरी" फिल्म का निर्माण किया था। राष्ट्रीय नाट्य मंचन की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर उन्होंने वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल साइबर फ्रॉड को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से "ख़ौफ़ - द डिजिटल वॉर" का निर्माण किया। इस फिल्म की कहानी स्वयं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लिखी है। उन्होंने फिल्म का निर्देशन भी किया है तथा फिल्म में एक पीड़ित शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके सुपुत्र "ऋभु समर्थ सिंह" भी फिल्म में प्रमुख भूमिका में नजर आए हैं।

फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए तरीकों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

विमोचन कार्यक्रम में उपस्थित फिल्म ख़ौफ़ की टीम के प्रवीण अग्रवाल, कुंदन सिंह, ऋभु समर्थ सिंह, वंशिका गुप्ता, लायरा जैन, राम प्रकाश पाण्डेय ने मंच से फिल्म निर्माण को लेकर अपने अनुभव साझा किया। सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने फिल्म की सराहना की और इसे समाज के लिए एक उपयोगी एवं प्रेरणादायक पहल बताया।

फिल्म विमोचन के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्य अतिथि कौशल्या देवी साय ने कहा कि एसएसपी शशि मोहन सिंह फिल्मों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड पर आधारित यह फिल्म लोगों को जागरूक करने में प्रभावी साबित होगी। उन्होंने पूरी पुलिस टीम एवं फिल्म से जुड़े कलाकारों को शुभकामनाएं दीं।

प्रदेश के पुलिस महानिदेशक  अरुण देव गौतम जी ने भी एसएसपी शशि मोहन सिंह के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जशपुर में हो रहे नाट्य मंचन की प्रशंसा करते हुए स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ाने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि फिल्म के जागरूकता संदेशों का सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराधों के प्रति जागरूक हो सकें।

राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के प्रमुख डॉ. आनंद पाण्डेय जी ने कहा कि -

"एसएसपी शशि मोहन सिंह और मेरे द्वारा इस नाटक के महोत्सव की परिकल्पना की गई थी। इस प्रकार के आयोजन से स्थानीय कलाकारों को एक मंच के साथ लघु फिल्मों में अभिनय करने का अवसर मिल रहा है। "जशरंग महोत्सव" का कारवां आगे भी जारी रहेगा । 

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता राजीव नंदे, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत  सीईओ अभिषेक कुमार, डीएफओ शशि कुमार, अनामिका नंदे, गीतांजलि व्यास, रेखा सिंह, नितिन राय, राजू गुप्ता, महिला समूह "सजल ग्रुप" की महिलाएं सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह का संदेश -

फिल्म को लेकर लोगों की अच्छी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। फिल्म का उद्देश्य साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाना है। लोग इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और इसका प्रचार-प्रसार करें, ताकि फिल्म का उद्देश्य पूरी तरह सफल हो सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News