MP में मौतों पर गरमाई सियासत! दामोदर यादव ने CM से मांगा दो मंत्रियों का इस्तीफा
Saturday, Sep 19, 2026-05:53 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : तीन दिवसीय बुंदेलखंड दौरे पर निकले दामोदर यादव शनिवार को छतरपुर पहुंचे। शहर के पन्ना नाके पर पहुंचने के बाद उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान समर्थक भी मौजूद रहे। माल्यार्पण के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा कर यात्रा के उद्देश्य और विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।
दामोदर यादव ने कहा कि बुंदेलखंड हमेशा से उनकी प्राथमिकता में रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग बुंदेलखंड की धरती को आडंबर और पाखंड की धरती बनाना चाहते हैं। इसी के विरोध में वे लोगों के बीच पहुंचकर संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मुद्दों को समझने का प्रयास किया जा रहा है।

सागर शराब मामले को लेकर सरकार पर निशाना
दामोदर यादव ने कहा कि वे अब सागर जा रहे हैं। सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बालाघाट में हुई मौतों के लिए स्वास्थ्य मंत्री और सागर में हुई मौतों के लिए आबकारी मंत्री जिम्मेदार हैं। यादव ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से दोनों मंत्रियों को हटाने की मांग की।
सागर के लिए रवाना हुआ काफिला
छतरपुर में कार्यक्रम के बाद दामोदर यादव का काफिला सागर के लिए रवाना हो गया। पन्ना नाके पर स्थानीय लोगों और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। कुछ देर रुकने के बाद उनका काफिला सागर की दिशा में आगे बढ़ गया।

