मध्य प्रदेश की बेटी ने बढ़ाया सम्मान, अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो पर मनाई दिवाली

10/29/2019 1:38:21 PM

छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की रहने वाली एक बेटी ने राज्य का सम्मान बढ़ाया है। जिले में तामिया की रहने वाली 27 साल की भारतीय पर्वतारोही भावना डेहरिया ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो पर दीपावली के दिन फतह हासिल कर भारत का तिरंगा लहराया। समुद्र तल से 5,895 मीटर यानी 19 हजार 341 फीट ऊंची शिखर पर भारतीय पर्वतारोही भावना डेहरिया ने 27 अक्टूबर यानी दीपावली के दिन दीपक रख कर इकोफ्रेंडली दिवाली मनाने का मैसेज दिया। साथ ही पॉलीथिन के हर व्यक्ति को अपने स्तर पर कम उपयोग करने का आह्वान किया।

भोपाल से फिजिकल एजुकेशन में एमपीइडी मास्टर्स की पढ़ाई करने वाली भावना डेहरिया ने अकेले ही यह चढ़ाई पूरी की, इस दौरान उनके साथ तंजानिया के गाइड थे। भावना ने यह ट्रैक 23 अक्टूबर को तंजानिया से शुरू किया और 27 अक्टूबर को रात 12 बजे आखिरी कैम्प किबो हट से फाइनल चढ़ाई शुरू कर सात घंटे 43 मिनट में किलिमंजारो की सबसे ऊंची चोटी उहुरू शिखर पर सुबह 7.43 बजे समिट किया।

वहीं किसी भी भारतीय महिला द्वारा इतने कम समय में यह चढ़ाई पूरी करना अपने आप में एक रिकॉर्ड है। भावना डेहरिया ने इसी साल 22 मई को दुनिया की सबसे ऊंचे शिखर माउंट एवरेस्ट (8848 मी.) पर भी फतह हासिल की थी और उसी दिन समिट करने वाली मध्यप्रदेश की प्रथम महिलाओ में एक होने का स्थान पाया था।

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh