Punjab Kesari MP ads

MP हाईकोर्ट में डॉ भीमराव की प्रतिमा स्थापित करने की मांग हुई तेज, दामोदर यादव ने सरकार को दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

Saturday, Aug 29, 2026-08:48 PM (IST)

ग्वालियर (अंकुर जैन) : ग्वालियर में आजाद समाज पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान कर दिया है। संभागीय सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे पार्टी नेता दामोदर यादव ने सरकार और जिला प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। दामोदर यादव ने साफ कहा कि 15 सितंबर तक हाईकोर्ट परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित नहीं हुई और राजा मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण नहीं किया गया। तो ग्वालियर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और जिला प्रशासन की होगी।

दामोदर यादव ने मध्य प्रदेश में छात्र संघ चुनाव नहीं कराए जाने को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े नेता छात्र संघ चुनाव के जरिए राजनीति में आए हैं, लेकिन सरकार चुनाव कराने से बच रही है। अब छात्रों के साथ मिलकर प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरुआत ग्वालियर से करने की तैयारी है।

वहीं आरक्षण खत्म करने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन पर दामोदर यादव ने कहा कि आरक्षण खत्म करने की ताकत किसी भी राजनीतिक दल में नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी ने आरक्षण खत्म करने की कोशिश की तो उसका राजनीतिक भविष्य खत्म हो जाएगा।

आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी दामोदर यादव ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी ने प्रदेश की 72 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति तैयार कर ली है। वहीं दतिया उपचुनाव में हार के बावजूद उन्होंने पार्टी को प्रदेश की तीसरे नंबर की पार्टी बताया।

महंगाई के मुद्दे पर भी दामोदर यादव ने सरकार को घेरा। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान का हवाला देते हुए उन्होंने सरकार पर महंगाई कम करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।अब दामोदर यादव की इन चेतावनियों पर सरकार और जिला प्रशासन का क्या रुख रहता है... यह देखने वाली बात होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena