चुनावी मैदान में देवरानी जेठानी आमने-सामने, रोचक होगा मुकाबला

11/15/2018 1:09:45 PM

ग्वालियर: ग्वालियर दक्षिण विधानसभा में इस बार देवरानी-जेठानी के रिश्ते ही कसौटी पर हैं। इस सीट से पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता भाजपा छोड़कर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरी हैं। दूसरी ओर देवरानी खुशबू गुप्ता, जो कि महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष और इसी क्षेत्र की निवासी हैं। उन्हें पार्टी प्रत्याशी नारायण सिंह के प्रचार में पार्टी का झंडा थामकर उनके प्रचार में निकलना होगा। भाजपा महिला मोर्चे की जिलाध्यक्ष खुशबू गुप्ता और पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता देवरानी-जेठानी हैं। दोनों के ससुर सगे भाई है। अब से पहले  समीक्षा गुप्ता भाजपा में ही थी, इस कारण रिश्तों के बीच कभी इस तरह की टकराहट की स्थिति भी नहीं बनी।


 

13 नवम्बर को ही समीक्षा गुप्ता ने पार्टी के तमाम पदों से इस्तीफे और ग्वालियर दक्षिण विधानसभा सीट से निर्दलीय मैदान में डटे रहने की घोषणा की है। उनके इस निर्णय से कहीं न कहीं पार्टी को आघात लगा है और पार्टी का यहां प्रचार पर विशेष फोकस रहेगा। डैमेज कंट्रोल के लिए पार्टी इस क्षेत्र में अपना असर रखने वाली उनकी देवरानी खुशबू गुप्ता को महिलाओं के बीच प्रचार का जिम्मा देगी। प्रचार के दौरान कई बार यह स्थिति भी बनना लगभग तय है,जब एक ओर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में प्रचार करते हुए समीक्षा गुप्ता निकलेंगी। दूसरी ओर खुशबू गुप्ता पार्टी प्रत्याशी नारायण सिंह कुशवाह का प्रचार करते हुए निकलेंगी। आमने-सामने की स्थिति रोचक रहेगी। 

suman

This news is suman