हनी ट्रैप: दिग्विजय ने जीतू जिराती सहित महाराष्‍ट्र के इस मंत्री पर लगाए गंभीर आरोप

9/23/2019 12:38:53 PM

इंदौर: बहुचर्चित हनी ट्रैप मामले में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। अब मामले के तार महाराष्ट्र से भी जुड़ गए हैं। रविवार को इंदौर में पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बीजेपी पर हमलावर हो गए। उन्होंने हनीट्रैप को लेकर न केवल मध्य प्रदेश के भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया बल्कि महाराष्ट्र के नेताओं को भी निशाना बनाया।



दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब जीतू जिराती भाजपा के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष थे, तब हनी ट्रैप मामले में आरोपी श्वेता विजय जैन महासचिव थी। इसके अलावा दिग्विजय सिंह ने महाराष्ट्र सरकार के मंत्री संभाजी पाटिल निलंगेकर पर भी इसमें शामिल होने का आरोप लगाया है। जबकि दूसरी ओर दिग्विजय के इन आरोपों को भाजपा उपाध्यक्ष जीतू जिराती ने नकारते हुए कहा है कि वह जांच की दिशा घुमाने की कोशिश कर रहे हैं।



मीडिया से चर्चा दौरान दिग्विजय सिंह ने महाराष्ट्र के मंत्री निलंगेकर के भी मामले में शामिल होने की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि उस वक्त निलंगेकर महाराष्ट्र युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष थे, जो फिलहाल फडणवीस सरकार में मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि जब श्वेता जैन का वीडियो वायरल हुआ तो वे महाराष्ट्र में किसके साथ थीं?



उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार के एक मंत्री निलंगेकर का श्वेता जैन से क्या संबंध था, इसकी भी जांच होनी चाहिए। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मीडिया यह पता लगाए कि मध्य प्रदेश के एक 'कलाकार' नेता सागर में श्वेता जैन के पति विजय जैन की दुकान का उद्घाटन करने गए थे या नहीं। मीडिया ने जब  'कलाकार' के बारे में पूछना चाहा तो उन्होंने कहा कि भाजपा का 'कलाकार' कौन है, यह सभी को पता है। 

meena

This news is Edited By meena