कमलनाथ ने सत्ता में आते ही दिग्विजय को दिया ये तोहफा

12/19/2018 3:52:13 PM

भोपाल: कांग्रेस के सत्ता में आते ही मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद दिग्विजय सिंह को अपना पसंदीदा बंगला अलॉट हो गया है। कमलनाथ सरकार द्वारा श्यामला हिल्स का B1 बंगला दिग्विजय सिंह को दोबारा आवंटित किया गया है। दरअसल, शिवराज सरकार ने नियमों और निर्देशों के चलते यह बंगला तीन महीने पहले खाली करा दिया था। जबकि भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्रियों कैलाश जोशी, उमाभारती और बाबूलाल गौर को विधायक के नाते उनका बंगला वापस लौटा दिया था।

 

कुछ महिनों पहले हाईकोर्ट ने सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के बंगले खाली कराने का आदेश दिया था। जिसके बाद सरकार ने भी आदेश जारी कर पूर्व मुख्यमंत्रियों के सरकारी बंगले का आवंटन निरस्त कर दिया था। हालांकि बाद में नए आदेश जारी कर पूर्व मुख्यमंत्रियों को उनके बंगले फिर से दे दिए गए थे। इनमें भाजपा के तीनों पूर्व मुख्यमंत्रियों गौर, उमा और कैलाश जोशी का बंगला वापस लौटा दिया गया था, लेकिन दिग्विजय को नही दिया गया था। इसके लिए उन्हें आवेदन देने को कहा गया था। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने शिवराज सरकार पर भेदभाव का आरोप भी लगाया था। 


 

इसके बाद चुनाव आए और बात हवा हो गई। लेकिन अब कांग्रेस सरकार के आते ही मुख्यमंत्री कमलनाथ उन्हें अपना पुराना बंगला फिर से आवंटित कर दिया गया है। श्यामला हिल्स का B1 बंगला दिग्विजय सिंह को दोबारा आवंटित किया गया है। यह दिग्विजय का पसंदीदा बंगला रहा है। सुत्रों के अनुसार दिग्विजय इसमें जल्द ही शिफ्ट हो सकते है। बंगले पर रिनोवेशन का काम भी फिर से शुरू हो चुका है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी बंगला आवंटित हुआ है, उन्हें प्रोफेसर कॉलोनी में बी 7, सिविल लाइन बंगला आवंटित किया गया है। इस बंगले के लिए शिवराज सिंह चौहान को हर महीने 3 हजार रुपए देने होंगे।

 

 

suman

This news is suman