दिग्विजय का तंज- BJP के इशारे पर फैल रहा कोरोना! झूठे नंबर 1 मोदी, झूठे नंबर 2 शिवराज

3/18/2021 6:26:15 PM

भिंड (योगेंद्र सिंह): मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह कांग्रेस के जल सत्याग्रह में शामिल होने के लिए गुरुवार को गोहद पहुंचे। सबसे पहले वह वैसली डैम में पानी छोड़े जाने को लेकर चल रहे जल सत्याग्रह में शामिल हुए और उसके बाद नए बस स्टैंड पर आमसभा को संबोधित किया।

लोगों को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने जमकर बीजेपी और मोदी पर हमला बोला। इसके साथ ही सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर जाने को लेकर उनका दर्द उनके भाषणों में छलक उठा। इसके साथ ही एक बार फिर से उन्होंने कृषि कानूनों को वापस लेने की वकालत करते हुए मध्यप्रदेश में महापंचायत बुलाए जाने की बात कही।

आज दिग्विजय सिंह संसद को छोड़कर गोहद में कांग्रेस द्वारा चल रहे जल सत्याग्रह में पहुंचे और यहां पर उन्होंने सभा को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा और मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा को अहंकार हो गया है कि हम काम करें या ना करें भगवान राम के कारण धर्म के नाम पर हम चुनाव फिर जीत जाएंगे। अगर हार भी गए तो पैसा देकर वो हमारे एमएलए खरीद लेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से पैसा लूटकर एमएलए खरीद लेती है।

किसान कानूनों पर बोलते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी पूंजीपतियों की पार्टी है इसलिए वह किसान विरोधी कानून लाई है। मोदी से बड़ा झूठ बोलने वाला नेता ना हुआ है ना होगा। दूसरा सबसे बड़ा झूठा नेता है शिवराज सिंह। इस दौरान सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने का दर्द भी दिग्विजय सिंह के भाषणों में छलक उठा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सिंधिया को महाराज बोलते हुए पूरा सम्मान देते थे और बीजेपी ने उन्हें महाराज से भाई साहब बना दिया गया है।

राज्यसभा में सिंधिया ने मोदी की तारीफ किये जाने पर भी दिग्विजयसिंह ने दुःख जताया। उन्होंने कहा कि अब जैसे वह पहले कांग्रेस की तारीफ करते थे वैसे ही अब भाजपा की तारीफ करते नहीं थकते। कांग्रेस गरीबों की लड़ाई लड़ती है और बीजेपी पूंजीपतियों की।

मध्य प्रदेश के निकाय चुनाव टाले जाने पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि कोरोना ऐसा रोग है भाजपा जब चाहती है तब लग जाता है और जब चाहे तब हट जाता है। जब भाजपा के सम्मेलन होंगे तो कोरोना नहीं फैलता और जब कांग्रेस के सम्मेलन होते हैं वहां कोरोना आ जाता है।

कोरोना अगर किसी की बात मानता है तो केवल शिवराज सिंह चौहान की बात मानता है। उन्होंने कहा कि महंगाई से भाजपा डरी हुई है इसलिए वह चुनाव नहीं करा रही। उन्होंने एक बार फिर से ईवीएम पर बोलते हुए कहा कि वह केवल ईवीएम माता की कृपा से चुनाव जीत सकते हैं।

वहीं, दिग्विजय सिंह ने निजीकरण के विरोध में लगातार किए जा रहे ट्वीट के बारे में जब सवाल किया गया तो उन्होंने भाजपा को नालायक कह दिया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि जो लायक लोग होते हैं वे पैतृक संपत्ति को जोड़ते हैं और बढ़ाने का काम करते हैं। वहीं, नालायक इसे बेचते हैं।

 

shahil sharma

This news is Content Writer shahil sharma