दिग्विजय सिंह ने PM नरेंद्र मोदी पर किया हमला, लॉकडाउन के फैसले को लेकर लगाए आरोप

5/12/2020 11:40:20 AM

भोपाल: मध्य प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट में कहा कि पीएम मोदी खुद को मजबूत निर्णय लेने वाला नेता साबित करना चाहते हैं। यही सोच रखकर वो पहले निर्णय लेते हैं और उसके बाद परिणाम के बारे में सोचते हैं। पीएम मोदी ने पहले नोटबंदी, जीएसटी और अब नेशनल लॉकडाउन लागू कर यह साबित कर दिया है। पीएम मोदी ने 31 जनवरी को कोरोना का पहला मामला सामने आने के बाद भी इस पर किसी भी तरह का कोई एक्शन नहीं लिया। लेकिन जब मामला बिगड़ गया तो इसके 40 से 50 दिन के बाद उन्होंने इस पर कार्रवाई शुरू की। 



दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने देश में लॉकडाउन लागू करने से पहले राज्यों के मुख्यमंत्रियों से सलाह मशवरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि हम (भारत) एक संघीय राष्ट्र हैं। पीएम मोदी पेज-3 की भीड़ के साथ बातचीत करने में व्यस्त थे, लेकिन राष्ट्रीय लॉकडाउन की अपनी योजनाओं पर चर्चा करने के लिए उनके पास राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत करने का समय नहीं था। उन्होंने कहा कि पीएम ने 20 मार्च को सीएम के साथ अपनी पहली बैठक की, लेकिन क्या उन्होंने नेशनल लॉकडाउन पर चर्चा की? जितनी मेरी जानकारी है उसके अनुसार नहीं।

दरअसल, लॉकडाउन लागू होने के बाद से ही कांग्रेस के कई नेता पीएम मोदी के लॉकडाउन के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं। देश में कोरोना से हालत गंभीर होती जा रही है। स्थिति नहीं संभलने के कारण लॉकडाउन का दो बार विस्तार किया जा चुका है। लॉकडाउन 3.0 के दौरान कई तरह की रियायत भी लोगों को सरकार की तरफ से दी गई है।

 

meena

This news is Edited By meena