अखंड भारत पर दिग्विजय बोले- POK सहित पूरा कश्मीर भारत का अभिन्न अंग होना चाहिए

8/14/2019 12:09:09 PM

भोपाल: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने अप्रत्यक्ष रुप से जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का समर्थन किया है। मंगलवार को दिग्विजय सिंह ने एक सवाल का जबाव देते हुए कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) सहित पूरा कश्मीर भारत का अभिन्न अंग होना चाहिए। दिग्विजय से जब यह पूछा गया कि आपको क्या लग रहा है कश्मीर आजाद हो जाएगा या पाकिस्तान में चला जाएगा? तो उन्होंने जबाव दिया कि 'हम तो चाहते हैं कि कश्मीर भारत में रहे।' 




दिग्विजय ने कहा, 'हम ईश्वर से यही प्रार्थना करते हैं कि कश्मीर में शांति स्थापित हो, भाईचारा बना रहे। हजारों वर्षों का जो भाईचारा रहा है, आज भी कायम रहे। यही ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।' उन्होंने कहा, 'ईश्वर से प्रार्थना करने के अलावा हमारे पास कोई विकल्प अब नहीं है।'



जब उनसे सवाल किया गया कि अनुच्छेद 370 पर दिए गए उनके बयानों से आम जनता आक्रोशित है और क्या उनको यह नहीं लगता कि वह अलोकप्रिय हो रहे हैं, तो इस पर दिग्विजय ने कहा, 'एक बात समझ लीजिए कि जो सच्चाई के रास्ते पर चलता है उसे पत्थर खाने की आदत होनी चाहिए।' उन्होंने आगे कहा, 'ईसा मसीह भी (सूली पर) टांग दिये गये थे, पैगंबर मोहम्मद को भी लोगों का विरोध झेलना पड़ा था, महात्मा गांधी की भी हत्या कर दी गई थी, अब्राहम लिंकन को भी गोली मार दी गई थी, मार्टिन लूथर किंग को भी गोली मार दी गई थी। सच्च के राह पर चलने वालों को मुश्किलों का सामना तो करना ही पड़ता है।

 

meena

This news is Edited By meena