दिग्विजय सिंह का खुलासा, मुझे भी मिला था जनसंघ का ऑफर, महाराज! आपने धोखा दिया

3/14/2020 10:37:29 AM

भोपाल(इजहार हसन खान): कांग्रेस का दामन छोड़ बीजेपी में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा की टिकट और मोदी कैबिनेट में मंत्री पद के लिए आपने कांग्रेस और गांधी परिवार को धोखा दिया। इसके साथ ही दिग्विजय सिंह ने यह भी खुलासा किया कि उन्हें भी 1970 को जनसंघ में शामिल होने का ऑफर मिला था लेकिन पार्टी की वचनबद्धता के चलते उन्होंने यह स्वीकार नहीं किया।


दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज से 50 साल पहले राजमाता ने उन्हें जनसंघ में शामिल होने को कहा था। उस समय वे राघौगढ़ नगरपालिका के अध्यक्ष थे। लेकिन, गोलवरकर के विचारों को पढ़ने और आरएसएस के नेताओं के साथ बातचीत करने के बाद उन्होंने जनसंघ में शामिल होने से मना कर दिया था। वे आज भी राजमाता विजया राजे सिंधिया का बहुत सम्मान करते हैं। 

 

 


दिग्विजय ने कहा कि मैंने कभी यह उम्मीद नहीं की थी कि महाराज कांग्रेस और गांधी परिवार को धोखा दे सकते हैं। वह भी मोदी शाह की कैबिनेट में जगह पाने के लिए।


दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मैं पीएम मोदी प्रशंसक नहीं हूं बल्कि उनके सबसे बड़े आलोचकों में हूं। लेकिन, मैं हर अवसर पर देश को ध्रुवीकृत करने के उनके साहस और साहसपूर्ण प्रयास की प्रशंसा करता हूं। मैं संघ और भाजपा से बिलकुल सहमत नहीं हूं लेकिन उनकी विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा करता हूं।

 

 

 

meena

This news is Edited By meena