CAA, NRC और NPR के खिलाफ दिग्विजय सिंह का ट्वीट- हम कागज नहीं दिखाएंगे

1/21/2020 12:58:14 PM

नई दिल्ली/भोपाल: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह सीएए, एनआरसी और एनपीआर के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। दिल्ली के शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून के प्रदर्शन के दौरान 20 जनवरी को एमपी के पूर्व सीएम सिंह पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात भी की।

मंगलवार को उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'हम कागज नहीं दिखाएंगे।' माना जा रहा कि सीएए, एनआरसी और एनपीआर के खिलाफ सिंह ने यह ट्वीट किया है। राजधानी दिल्ली के शाहीन बाग में इन मुद्दों पर पिछले एक महीने से लगातार प्रदर्शन जारी है। इससे पहले कांग्रेस नेता शशि थरूर भी शाहीन बाग पहुंचे थे।

'सरकार का कदम संविधान के खिलाफ'मीडिया से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने सीएए, एनआरसी और एनपीआर का विरोध भी किया था। उन्होंने इन कानूनों और सरकार के कदम को संविधान के खिलाफ भी बताया। दिग्विजय का यह भी कहना है कि जिन लोगों ने यहां रहना चुना, उन लोगों से नागरिकता का प्रमाण मांगने का अधिकार किसी को नहीं है।

दिग्विजय सिंह सोमवार देर रात शाहीन बाग पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, 'मुझे भाषण देने के लिए कहा गया था, लेकिन मैंने मना कर दिया क्योंकि यह राजनीतिक मंच नहीं है।'

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh