उज्जैन में आज चुने जाएंगे जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, कांग्रेस–भाजपा दोनों कर रहे बहुमत का दावा

7/27/2022 2:24:43 PM

उज्जैन(विशाल सिंह): बुधवार को जनपद पंचायत उज्जैन के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव हो रहे हैं। इसके लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही बहुमत होने का दावा कर रही हैं। दमदमा स्थित जनपद कार्यालय में चाकचौबंद व्यवस्था के बीच निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें शामिल होने के लिए कांग्रेस और भाजपा समर्थित सदस्य वरिष्ठ नेताओं की घेराबंदी के बीच पहुंचे। जनपद पंचायत उज्जैन में 25 सदस्यों के चुनाव बीते दिनों संपन्न हुए थे। इसमें दोनों ही दलों द्वारा अपना-अपना बहुमत होने का दावा किया जा रहा था। भाजपा जनपद अध्यक्ष बनाने के लिए उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव और कांग्रेस की ओर से विधायक रामलाल मालवीय, महेश परमार रणनीति बनाते हुए सक्रिय थे। भाजपा का दावा है कि 25 में से 17 सदस्यों का समर्थन उनके पास हैं।

वहीं कांग्रेस के नेताओं का कहना था कि जनपद में 13 सदस्य कांग्रेस के जीत कर आए हैं और 4 निर्दलीयों के समर्थन से जनपद में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का पद पाने की स्थिति में हैं। उधर दोनों ही दल के नेता सुबह से चुनाव के लिए सक्रिय थे। इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर सदस्यों को एकत्रित किया गया था। भाजपा समर्थित सदस्य एक वाहन में बैठकर आए। वहीं कांग्रेस के सदस्य दमदमा क्षेत्र में कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के घर थे। समाचार लिखे जाने तक जनपद में मतदाता सूची का प्रकाशन आरक्षण की स्थिति और चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी थी। मतदान होने की स्थिति में पहले जनपद अध्यक्ष के लिए गुप्त मतदान के जरिए वोटिंग होगी।

जनपद अध्यक्ष उज्जैन के लिए सरगर्मी बहुत ही तेज रही। भाजपा ने जहां नामांकन पत्र दाखिल होने तक अपने प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं किया। इसे बंद लिफाफे में वरिष्ठ जनपद सदस्य के हाथ में पहुंचाया गया। वहीं कांग्रेस ने विंध्या कुंवर देवेंद्र परमार को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। भीतरघात से बचने के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशी का नाम केवल सदस्यों को ही बताया है।

meena

This news is Content Writer meena