फातिमा रसूल सिद्दीकी करेंगी साध्वी प्रज्ञा के लिए चुनाव प्रचार, पहले रखी ये शर्त

4/26/2019 1:21:46 PM

भोपाल: बीजेपी की तरफ से भोपाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा जहां अपने बयानों की वजह से लगातार सुर्खियों में हैं। वहीं एमपी विधानसभा चुनाव में भाजपा की एकमात्र मुस्लिम उम्मीदवार रहीं फातिमा रसूल सिद्दीकी ने साध्वी प्रज्ञा का चुनाव प्रचार में साथ देने के लिए शर्त रखी है। उन्होंने कहा है कि, अगर प्रज्ञा ठाकुर अपने सांप्रदायिक और अप्रिय बयानों के लिए मुस्लिमों से माफी मांगती हैं, तो वह उनके लिए प्रचार करने को तैयार हैं। 

साध्वी मांगे माफी -फातिमा रसूल सिद्दीकी
फातिमा ने आगे कहा- ‘वह भगवा रंग का आदर करती हैं, क्या प्रज्ञा ठाकुर की नजर में भी हिजाब के लिए इतना ही सम्मान है? अगर है, तो उन्हें मुस्लिम समुदाय से माफी मांगनी चाहिए। उनके ऐसा करने पर मैं जरूर उनके लिए प्रचार करूंगी।’ फातिमा ने अपने इस बयान से पहले प्रज्ञा के लिए प्रचार नहीं करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था- ‘मैं उनके (प्रज्ञा सिंह ठाकुर) लिए चुनाव प्रचार नहीं कर रही हूं, क्योंकि उन्होंने धर्म युद्ध छेड़ने जैसे बयान दिए हैं। 26/11 को मुंबई के आतंकी हमले में शहीद होने वाले पुलिस अधिकारी हेमंत करकरे के खिलाफ उनका विवादास्पद बयान भी मुझे बुरी तरह आहत कर गया।’

 

 

suman

This news is suman