डॉक्टरों ने निगम कर्मचारियों को बेसबॉल, डंडों और बैट से पीटा, मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में मचा हड़कंप

7/16/2022 6:50:37 PM

जबलपुर(विवेक तिवारी): जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाले जूनियर डॉक्टर्स ने शनिवार की सुबह नगर निगम कर्मचारियों पर उस वक्त हमला बोला जब वह हॉस्टल में मलेरिया उन्मूलन के लिए दवा का छिड़काव करने आए थे। नगर निगम के मलेरिया उन्मूलन विभाग के 6 कर्मचारी हॉस्टल नंबर वन में मलेरिया दवा का छिड़काव कर रहे थे। तभी जूनियर डॉक्टर ने उन्हें अपने कमरों में दवा का छिड़काव करने के लिए बुलाया।



इस पर निगम कर्मचारियों ने उन्हें थोड़ा इंतजार करने के लिए कहा जिस पर जूनियर डॉक्टर बुरी तरह भड़क गए और उन्होंने नगर निगम कर्मचारियों पर बेसबॉल के डंडे और बैट से हमला कर दिया और उनके साथ जमकर मारपीट की जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। किसी तरह निगम कर्मचारी जान बचाकर वहां से भागे और इसके बाद उन्होंने गढ़ा थाने में शरण ली और अपने अधिकारियों को सूचना दी।



सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घायल नगर निगम कर्मचारियों का मेडिकल में उपचार प्रारंभ कराया। इधर निगम के अधिकारी गढ़ा थाने में जूनियर डॉक्टर्स के खिलाफ मामला दर्ज करा रहे हैं। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें लगभग 30 से ज्यादा जूनियर डॉक्टरों ने उन्हें घेर कर मारा है।

meena

This news is Content Writer meena