एक्शन में MP पुलिस, DSP के हत्यारे हिमांशु प्रताप को 5 घंटे में किया गिरफ्तार

5/2/2019 12:16:03 PM

भोपाल: राजधानी में बुधवार शाम शहर के थाना अवधपुरी क्षेत्र में डीएसपी गोरेलाल अहिरवाल की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी हिमांशु प्रताप सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। भोपाल पुलिस ने उसे घटना के 5 घंटे के अंदर ही विदिशा पुलिस की सहायता से गिरफ्तार कर लिया। हिमांशु घटना को अंजाम देने के बाद सफेद रंग की कार से फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि वह जिला कांग्रेस कमेटी का सचिव है और प्रॉपर्टी के विवाद में उसने डीएसपी को गोली मारी थी।
 



अवधपुरी पुलिस के अनुसार, 60 वर्षीय गोरेलाल अहिरवाल ए-196 अवधपुरी में अपने परिवार के साथ रहते थे। वह पीएचक्यू की सीआईडी शाखा में डीएसपी के पद पर पदस्थ थे। बुधवार शाम करीब 7 बजे डीएसपी अहिरवाल अपने घर पर थे। इस दौरान उनका पारिवारिक मित्र हिमांशु प्रताप सिंह उनके घर पहुंचा। किसी मुद्दे पर हिमांशु का उनसे विवाद हो गया। ऊंची आवाज सुनकर डीएसपी की बेटी ने हिमांशु को घर से बाहर जाने को कहा । हिमांशु पहले कमरे से निकलकर घर के गेट की तरफ बढ़ा। इसके बाद पिस्टल निकालकर डीएसपी अहिरवार को गोली मार दी। गोली उनके पेट में लगी। परिजन गोली की आवाज सुनकर फौरन उन्हें पास के नर्मदा अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने जांच करने के बाद डीएसपी को मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद हिमांशु मौके से फरार हो गया। हिमांशु नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन में रहता है। उसकी मां अर्चना सिंह सायबर सेल में हवलदार के पद पर पदस्थ है।

ASHISH KUMAR

This news is ASHISH KUMAR