2 दिन बाद भी चिराग के हत्यारे गिरफ्त से बाहर, महिलाओं ने घेरा थाना, डबरा बंद करने की दी चेतावनी
Wednesday, Jul 12, 2023-04:26 PM (IST)

डबरा(भरत रावत): डबरा के चिराग शिवहरे की हत्या के मामले में बुधवार को परिवार की महिलाओं ने डबरा सिटी थाने का घेराव किया। महिलाएं करीब दो घंटे से थाने में प्रदर्शन कर रही हैं। उनका कहना था कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके मकान तोड़े जाएं। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं। पर वह कार्रवाई होन पर ही हटने की बात कह रही हैं। डबरा के व्यापारी अनिल शिवहरे के 25 वर्षीय पुत्र चिराग उर्फ सागर शिवहरे की ग्वालियर में कलेक्ट्रेट के पास झाड़ियों में लव ट्रायंगल के चलते हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक अंश जादौन उसके पिता उपेंद्र जादौन, भाई शिवम और जिस लड़की की वजह से यह पूरा घटनाक्रम हुआ था। वह लड़की दृष्टि ग्रोवर डबरा को हत्यारोपी बनाया है।
चिराग का सीडीआर देने की मांग
यहां एक बात और बता दें कि घटनास्थल यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र होने के चलते मामले को भी ग्वालियर ट्रांसफर कर दिया गया है। ठसके चलते परिजनों को और भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिजन सीडीआर (कॉल डिटेल रिपोर्ट) की भी मांग कर रहे हैं, ताकि स्पष्ट हो सके कि घटना वाले दिन आरोपियों ने किन-किन से बात की थी। कौन-कौन लोग इस पूरे घटनाक्रम में शामिल थे।
महिलाओं का यही कहना है कि तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके मकानों पर कार्रवाई की जाए। प्रशासनिक अधिकारी महिलाओं की मागों का तत्काल हल निकालने में असमर्थ दिखे। इसके चलते महिलाएं थाने में ही धरने पर बैठ गई। 2 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी महिलाओं ने थाना नहीं छोड़ा है।
कार्रवाई नहीं होने पर कल डबरा बंद
चिराग के परिजन टीटू शिवहरे ने कहा कि आज हम थाने में बैठे हैं। पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई नहीं करेगी तो कल डबरा बंद किया जाएगा। इसका जिम्मेदार पुलिस प्रशासन होगा। दो दिन हो गए अभी तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है उसको लेकर आज मृतक चिराग की हत्या के विरोध में महिलाओं ने थाना घेर कर मांग की है।