Punjab Kesari MP ads

रील्स के चक्कर में बिखरा परिवार: प्रेमी के साथ चली गई दो बच्चों की मां, पति ने एसपी से लगाई गुहार

Thursday, Jun 18, 2026-03:10 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया) : सोशल मीडिया पर रील्स बनाने के शौक ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। जिले के छापर गांव निवासी एक मजदूर की पत्नी इंस्टाग्राम पर बने प्रेम संबंध के चलते अपने दो छोटे बच्चों और पति को छोड़कर चली गई। परेशान पति अब न्याय की उम्मीद में पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचा है और पत्नी को वापस लाने की मांग कर रहा है।

पीड़ित मुकुंदी अहिरवार ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी पत्नी को इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने का शौक था। इसी दौरान उसकी पहचान एक युवक से हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। मुकुंदी के अनुसार, दोनों के बीच लगातार मैसेज और वीडियो कॉल पर बातचीत होने लगी।

PunjabKesari

मुकुंदी का आरोप है कि जब वह मजदूरी के लिए घर से बाहर रहता था, तब उसकी पत्नी उस युवक से घंटों बात करती थी। इतना ही नहीं, उसने अपनी बेटी को भी इस बारे में किसी को न बताने की हिदायत दी थी। बेटी को डराया गया कि यदि उसने पिता को कुछ बताया तो उसे मार पड़ेगी।

पीड़ित के मुताबिक, 16 अक्टूबर को उसकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद उसने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में महिला का पता चलने पर वह उसे वापस घर लाने पहुंचा, लेकिन उसने पति और बच्चों के साथ लौटने से साफ इनकार कर दिया।

PunjabKesari

पुलिस पर भी लगाया सहयोग न करने का आरोप

मुकुंदी का कहना है कि उसने मामले में पुलिस से मदद मांगी, लेकिन उसे कोर्ट में जाने की सलाह देकर टाल दिया गया। उसका कहना है कि वह एक गरीब मजदूर है और रोज कमाने-खाने वाला व्यक्ति है।

"बच्चों को मां का प्यार मिल जाए"

नम आंखों से मुकुंदी ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए कहा, "मेरे दो छोटे बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। मैं चाहता हूं कि उनकी मां वापस आ जाए और बच्चों की परवरिश करे। मैं मजदूरी करूं या कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाऊं।" फिलहाल पीड़ित पति ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की है। वहीं, मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena