अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री वहीदा रहमान को MP सरकार ने किशोर सम्मान से नवाजा

2/4/2020 5:54:13 PM

मुंबई/भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार ने अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री वहीदा रहमान को प्रतिष्ठित किशोर कुमार सम्मान से नवाजा है।

वहीदा रहमान को वर्ष 2018-19 के लिए ये पुरस्कार मुंबई में उनके घर में प्रदान किया गया। मध्य प्रदेश सरकार की संस्कृति मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने उन्हें सम्मानित किया।

प्रख्यात गायक स्वर्गीय किशोर कुमार की याद में मध्य प्रदेश के संस्कृति विभाग की ओर से उत्कृष्टता और सृजन के लिए ये सम्मान दिया जाता है। राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह का आयोजन हर साल खंडवा में 13 अक्टूबर को किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर होता है, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वहीदा रहमान ने खंडवा आने में असमर्थता जताई थी।

अब तक 19 कलाकारों को यह सम्मान दिया जा चुका है। ऋषिकेश मुखर्जी, नसीरूद्दीन शाह, गुलजार, कैफी आजमी, बीआर चोपड़ा, अमिताभ बच्चन, गोविंद निहलानी, जावेद अख्तर, श्याम बेनेगल, शत्रुध्न सिन्हा, मनोज कुमार, गुलशन बावरा, सई परांजपे और प्रियदर्शन को ये पुरस्कार दिया जा चुका है।

बीते साल 2017-18 के लिए फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन को इस अवार्ड के लिए चुना गया था।

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh