किसानों ने धरना स्थल को ही बना दिया शादी का मंडप, आंदोलन के बीच करा दी बेटा बेटी की शादी

3/19/2021 12:34:03 PM

 रीवा(भूपेंद्र सिंह): कृषि उपज मंडी करहिया में कृषि कानून बिल को लेकर किसानों का अनूठा विरोध सामने आया है। किसान नेता रामजीत सिंह ने धरना स्थल पर ही अपने बेटे के विवाह संस्कार का आयोजन किया।

बताया जा रहा है कि रामजीत सिंह के बेटे सचिन सिंह और विष्णु दत्त सिंह की पुत्री आसमा सिंह एक दूसरे से प्रेम करते थे। जिन्होंने परिवार की सहमति से काले कृषि कानून बिल का विरोध करते हुए अनूठा विवाह किया है। जिसमें दुल्हन स्वयं बारात लेकर दूल्हे के दरबार पर आई। इतना ही नहीं तिरंगे सहित संविधान पुस्तिका को साथ में रखकर दोनों ने एक दूसरे को माला पहनाई।


इसके बाद अग्नि देवता की जगह सावित्री बाई फूले और संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर को साक्षी मानकर विवाह रचा लिया। वर-वधू को आंदोलनरत किसानों ने आशीर्वाद दिया। आंदोलनरत नेता रामजीत सिंह ने बताया अपने बेटा सचिन सिंह का विवाह हिंदू रीति रिवाज से धरना स्थल पर ही संपन्न कराया है।

कृषि कानून बिल का विरोध करते हुए वह घर वापसी नहीं कर सकते हैं। जिसके लिए धरना स्थल पर ही बेटे का विवाह संस्कार पूर्ण कराकर उन्होंने सरकार को अपना संदेश भेजा है कि अब किसान अपने-अपने धर्म में किए गए संस्कारों को बगैर घर गए ही धरना स्थल से पूर्ण करेगा।



 

kirti

This news is Content Writer kirti