Punjab Kesari MP ads

पूर्व सांसद की बेटी, यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सहित 50 से ज्यादा पर FIR, गिरफ्तारी की तैयारी...जानें पूरा मामला

Saturday, Apr 18, 2026-01:43 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर में वन विभाग के भुसोर गेट को तोड़ कर घुसने और अधिकारियों से अभद्रता के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। बमीठा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सहित 50 से ज्यादा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार के साथ पूर्व सांसद सत्यव्रत चतुर्वेदी की बेटी निधि चतुर्वेदी समेत करीब 50 अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कदम शासकीय कर्मचारियों के साथ अभद्रता और सरकारी काम में बाधा डालने के बाद उठाया है।

PunjabKesari

इन धाराओं में दर्ज हुई एफआईआर

मामले में जब टीआई बमीठा बाल्मीक चौबे ने बताया राजेन्द्र कुमार सोलंकी पिता जगदीश सोलंकी वन परिक्षेत्र अधिकारी चन्द्रनगर पन्ना टाईगर रिजर्व के द्वारा थाना में एक आवेदन दिया गया था। आवेदन के आधार पर अभिषेक परमार एवं उसके 50 से अधिक लोगों द्वारा भूसोर गेट पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियो के कार्य में बाधा डालना एवं शासकीय सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाना के मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

PunjabKesari

क्या बोली पुलिस

बमीठा टीआई बाल्मीक चोबे के मुताबिक, अभिषेक परमार सहित 50 से अधिक लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने 20 से 25 लोगों की पहचान कर ली है, सभी की गिरफ्तारी होगी।

ये है पूरा मामला

केन-बेतवा लिंक परियोजना स्थल पर शुक्रवार को धरने पर बैठे आंदोलनकारियों से मिलने जा रहे यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह परमार और उनके समर्थकों को वन विभाग के गेट पर रोक दिया गया। रोकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते तीखी झड़प में बदल गया। इसी दौरान अभिषेक सिंह परमार ने गेट खोलने की चेतावनी देते हुए कहा कि “अगर गेट नहीं खोला गया तो हम उसे तोड़ना भी जानते हैं।” इसके बाद वे कार से उतरे और अपने समर्थकों के साथ मिलकर गेट को धक्का देकर तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए।

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News