MP: एक साथ 5 पुलिसकर्मी निलंबित, SP के एक्शन से महकमे में हड़कंप
Thursday, Sep 24, 2026-08:51 PM (IST)
मुरैना : मुरैना एसपी ने जौरा थाना के 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जुआ रेड के दौरान मची भगदड़ में एक युवक की मौत को लेकर की गई है। दरअसल, पुलिस रेड के दौरान युवक की मौत पर जमकर बवाल हो गया। इलाकावासियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस को युवक की मौत का जिम्मेदार ठहराया। जिसके बाद एसपी ने 5 पुलिसकर्मियों पर सख्त एक्शन लिया।
जानकारी के मुताबिक, जौरा थाना पुलिस टीम हॉस्पिटल रोड की मस्जिद वाली गली में जुए के फड़ पर कार्रवाई करने पहुंची थी, लेकिन पुलिस की सूचना मिलते ही वहां भागम-भाग मच गई और इसी दौरान सूरज उर्फ कल्ला गुप्ता नाम के युवक की मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे पर परिजनों स्थानीय लोगों ने गंभीर आरोप लगाए और पुलिस पर बर्बरता और मारपीट से जान लेने के आरोप लगाए। इस घटना के बाद आक्रोशित व्यापारियों ने देर रात पूरे जौरा बाजार को पूरी तरह बंद करा दिया और बीजेपी के पूर्व विधायक सूबेदार सिंह रजौधा के नेतृत्व में इक्टठे होकर थाने का घेराव कर धरने पर बैठ गए। व्यावारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग रखी और आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, एसडीओपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे हुए थे।
परिजनों के मुताबिक, पुलिस की मारपीट से युवक की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। उसके बाद पुलिसकर्मी उसके शव को अस्पताल में रखकर गायब हो गए। वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन ने अपने ऊपर लगे मारपीट के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर युवक भागने लगा था और इसी भागदौड़ के दौरान उसे अचानक साइलेंट अटैक आ गया, जिससे उसकी मौत हुई है। इलाकानिवासियों के तेवर देखते हुए फिलहाल एसपी ने 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है, वहीं मामले की पूरी जांच की जा रही है।

