सगाई समारोह में खाना खाकर 3 सौ लोगों को फूड पॉइजनिंग, अस्पताल में बैड पड़े कम, जमीन पर लेटे मरीज

3/25/2022 1:03:08 PM

खंडवा(निशात सिद्दिकी): खंडवा में एक सगाई समारोह के दौरान भोजन करने से लगभग 300 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। सभी मरीजों को निजी अस्पताल सहित जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि मिठाई में कोई खराबी होने से लोगों की तबीयत बिगड़ गई। गुरुवार देर रात से एक-एक कर उल्टी दस्त के मरीज अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में महिला, बच्चों सहित बुजुर्ग भी शामिल है।

PunjabKesari
5 सौ में से 3 सौ लोग बीमार
खंडवा के हजरत खान शाह वर्ली वार्ड में एक मुस्लिम परिवार में सगाई समारोह का आयोजन था। यह आयोजन वार्ड के शहनाई पैलेस में आयोजित किया गया था। गुरुवार रात भोजन का कार्यक्रम रखा गया था। भोजन में नॉनवेज सहित वेज खाना और मिठाई शामिल थी। यहां लगभग 500 लोगों ने खाना खाया जिसमें से लगभग 300 लोगों को फूड प्वाइजनिंग की शिकायत हो गई। फूड प्वाइजनिंग के चलते उल्टी दस्त के शिकार हुए मरीजों को जिला अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में एडमिट किया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

PunjabKesari

जिला अस्पताल में बेड की हुई कमी
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में फूड प्वाइजनिंग के शिकार मरीज जब जिला अस्पताल पहुंचे, तो जिला अस्पताल में बेड की कमी हो गई। मरीजों को पलंग नहीं मिलने से जमीन पर ही लेटा कर उनका इलाज किया जा रहा है। बता दें कि अभी तक किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।

PunjabKesari

मिठाई से फूड प्वाइजनिंग की आशंका
अस्पताल में भर्ती मरीजों के अनुसार भोजन में नॉनवेज सहित वेज खाना बना था।  खाने में मिठाई भी शामिल थी। मरीजों का मानना है कि मिठाई का मावा खराब होने से सभी की तबीयत बिगड़ी है। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई कि किस खाने में खराबी के चलते इतने लोगों को फूड प्वाइजनिंग का शिकार होना पड़ा। जिला अस्पताल के डॉ अनिरुद्ध कौशल ने बताया कि जिला अस्पताल में 120 मरीज भर्ती हुए हैं जो किसी शादी समारोह में फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए हैं हालांकि सभी की स्थिति बेहतर है लेकिन मरीजों के आने का सिलसिला अभी भी जारी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Recommended News

Related News