वन विभाग व पुलिस की संयुक्त छापेमारी,काले हिरण का मांस पकाते युवक गिरफ्तार

1/7/2019 1:59:44 PM

सिवनी: वन्य जीवों के शिकार के मामले में दिनों दिन इज़ाफ़ा हो रहा है। कहीं करंट लगाकर तो कहीं जाल बिछाकर वन्य जीवों का शिकार किया जा रहा है। ताजा मामला जिला मुख्यालय का है। जहां शनिवार शाम को वन विभाग व जिला पुलिस के संयुक्त दल ने एक गंजे में लगभग 20 किलोग्राम काले हिरण के मांस को पकाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी, दक्षिण सामान्य वन मंडल सिवनी के. के. तिवारी ने बताया कि सूचना के आधार पर कटंगी रोड, घसियारी मोहल्ला, शुक्रवारी बाजार सिवनी में एक निकाह कार्यक्रम में भोजन कराने के लिए काले हिरण का शिकार कर लाया गया है। जिस पर शानू खान शानू उर्फ शमीम खान पिता मुहम्मद इशाक खान के निवास पर पुलिस व वन विभाग के सयुंक्त दल ने छापामार कार्यवाही की तथा विवाह वाले घर से पकाते हुए काले हिरण के मांस के साथ आरोपी शानू खान को गिरफ्तार किया गया है।
 



वहीं आरोपी के घर से काले हिरण को मारने में उपयोग की गई 22 बोर की राइफल, काटने के लिए उपयोग किया गया औजार, 5 किलोग्राम कच्चा मांस व खून बरामद किया गया। विभाग की मानें तो गिरफ्तार किए गए आरोपी ने बताया कि उसने मारबोडी के जंगल से वन्यप्राणी का शिकार किया था। वन विभाग द्वारा काले हिरण के शिकार में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपी के विरूद्ध भारतीय वन्य प्राणी सुरक्षा अधिनियम 1972 के तहत कार्यवाही की जाएगी।

ASHISH KUMAR

This news is ASHISH KUMAR