Punjab Kesari MP ads

भारतीय सेना के शौर्य और 1971 की ऐतिहासिक विजय की कहानी, ग्वालियर में लॉन्च हुई खास पुस्तक

Saturday, Oct 10, 2026-07:22 PM (IST)

ग्वालियर (अंकुर जैन): मध्य प्रदेश के ग्वालियर में वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी डॉ. केशव पांडेय की पुस्तक ‘बांग्लादेश का उदय’ का गरिमामय समारोह में विमोचन किया गया। भारतीय थल सेना के पूर्व प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने मुख्य अतिथि के रूप में पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम में वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध, भारतीय सेना के शौर्य, अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और बांग्लादेश के स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उदय से जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा हुई।

जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि वर्ष 1971 की विजय केवल सैन्य सफलता नहीं, बल्कि मानवता, न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का ऐतिहासिक अध्याय है। उन्होंने भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, मजबूत नेतृत्व और देशहित के प्रति समर्पण को इस विजय का महत्वपूर्ण आधार बताया।

वहीं, पुस्तक के लेखक डॉ. केशव पांडेय ने कहा कि ‘बांग्लादेश का उदय’ केवल युद्ध का विवरण नहीं है, बल्कि उस दौर की मानवीय पीड़ा, शरणार्थी संकट, सामरिक रणनीति और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति को समझने का एक प्रयास है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैप्टन वीरेश प्रताप सिंह ने की, जबकि कैंसर अस्पताल एवं शोध संस्थान के निदेशक डॉ. बी.आर. श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

समारोह में जनरल उपेंद्र द्विवेदी के सैन्य जीवन पर केंद्रित लघु वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया गया। सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन राम चंसौरिया ने पुस्तक की समीक्षा प्रस्तुत की। इस अवसर पर जनरल द्विवेदी को चित्रकार कृतिका चौहान द्वारा निर्मित उनका पोर्ट्रेट भी भेंट किया गया। साहित्य, पत्रकारिता, कला और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी में आयोजित समारोह का समापन आभार प्रदर्शन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News