कांग्रेस छोड़ BJP में आईं सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री का मंच पर छलका दर्द, CM तक बात पहुंचाने की लगाई गुहार
Friday, Nov 27, 2026-02:01 PM (IST)
डबरा (भरत रावत): मध्य प्रदेश के डबरा की बदहाल सड़कें और शहर की बिगड़ती व्यवस्थाएं अब राजनीतिक मंचों पर भी चर्चा का विषय बनने लगी हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री इमरती देवी ने शहर की बदहाल सड़कों और व्यापारियों के पलायन को लेकर चिंता जाहिर की है। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के ग्वालियर ग्रामीण अध्यक्ष शिवराज यादव से डबरा की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की अपील की। इमरती देवी ने कहा कि शहर की सड़कों की हालत सुधारने के लिए गंभीर प्रयास जरूरी हैं, ताकि व्यापारियों के साथ-साथ आम जनता को भी राहत मिल सके।
दरअसल, डबरा के संस्कृति गार्डन में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स यानी कैट की ओर से दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री इमरती देवी और भाजपा युवा मोर्चा के ग्वालियर ग्रामीण अध्यक्ष शिवराज यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में कैट के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए।
समारोह के दौरान इमरती देवी ने अपने संबोधन में डबरा की बदहाल सड़कों और शहर की अव्यवस्थाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि डबरा में सड़कों की स्थिति ठीक नहीं है और इस वजह से शहर के व्यापारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने व्यापारियों के पलायन पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर की स्थिति में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
इमरती देवी ने भाजपा युवा मोर्चा के ग्रामीण अध्यक्ष शिवराज यादव से सीधे मुख्यमंत्री तक डबरा की आवाज पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिवराज यादव के मुख्यमंत्री से अच्छे संबंध हैं, इसलिए उन्हें डबरा की सड़कों और विकास से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखना चाहिए। साथ ही उन्होंने शिवराज यादव से शहर की सड़कों के सुधार की जिम्मेदारी उठाने का आग्रह भी किया।
इमरती देवी ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि वह डबरा की जनता और व्यापारियों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी रहेंगी और उनकी समस्याओं को उठाती रहेंगी। वहीं सांसद भारत सिंह कुशवाहा ने आयोजन के लिए कैट के पदाधिकारियों का आभार जताया। कैट के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने भी व्यापारियों की समस्याओं को लेकर इमरती देवी की बात का समर्थन किया और शिवराज यादव से डबरा के विकास एवं व्यापारियों की परेशानियों पर गंभीरता से ध्यान देने का आग्रह किया।

