पंचतत्व में विलीन हुए जशपुर के पूर्व विधायक, राजकीय सम्मान के साथ नम आंखों से दी विदाई

9/22/2021 7:38:27 PM

जशपुर(योगेश यादव): जशपुर के पूर्व विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका बाकी नदी स्थित मुक्तिधाम में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। दिवंगत युध्दवीर सिंह जूदेव का अंतिम संस्कार आचार्यों के द्वारा वैदिक रीति से मंत्रोचार के साथ किया गया। इससे पहले सुरक्षा बल के जवानों द्वारा युध्दवीर को गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए सलामी दी गई।



जिसके बाद प्रदेश भर से आये दिग्गज नेताओं सहित कलेक्टर जशपुर महादेव कावरे, एसपी विजय अग्रवाल व अन्य अधिकारी जन प्रतिनिधियों ने पुष्प हार चढ़ाये। दिवंगत शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव के बेटे और युद्धवीर के भतीजे शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने युद्धवीर को मुखाग्नि दी।




दिवंगत युद्धवीर सिंह जूदेव की अंतिम यात्रा विजय बिहार से लगभग साढ़े 11 बजे निकली। उनके पार्थिव शरीर को सबसे पहले प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित अन्य परिजनों ने कांधा दिया।





इसके बाद उनकी अर्थी को सुसज्जित वाहन रखकर एक विशाल जनसमूह के साथ जशपुर के विभिन्न रास्तों से मुक्तिधाम के लिए ले जाया गया। लगभग दो घंटे का सफर तय करने के बाद नम आंखों से उन्हें अग्नि दी गई। इस दौरान हजारों की संख्या में नेता और लोग मौजूद रहे।

meena

This news is Content Writer meena